Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल लारिन के गोल ने कनाडा को दिलाया फीफा वर्ल्ड कप में पहला...

लारिन के गोल ने कनाडा को दिलाया फीफा वर्ल्ड कप में पहला प्वाइंट, 1-1 से ड्रॉ रहा बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ मुकाबला

0
6

टोरंटो, 13 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सह-मेजबान कनाडा ने शुक्रवार रात अपने पहले मैच में शानदार वापसी करते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। टोरंटो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कनाडा को आखिरी समय में सब्स्टीट्यूट स्ट्राइकर साइल लारिन ने गोल कर हार से बचाया। इस नतीजे के साथ कनाडा ने वर्ल्ड कप इतिहास में अपना पहला प्वाइंट हासिल किया।

मैच की शुरुआत बोस्निया और हर्जेगोविना ने काफी आक्रामक अंदाज में की। शुरुआती मिनटों से ही टीम ने कनाडा के डिफेंस पर दबाव बनाया। पहले हाफ में एक कॉर्नर किक पर सीड कोलासिनाक ने गेंद को आगे बढ़ाया, जिस पर जोवो लुकिक ने शानदार हेडर लगाकर बोस्निया टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

0-1 से पिछड़ने के बाद कनाडा ने भी जवाबी हमले शुरू किए। स्टार खिलाड़ी जोनाथन डेविड ने बराबरी का अच्छा मौका बनाया, लेकिन बोस्नियाई गोलकीपर निकोला वासिलज ने बेहतरीन बचाव करते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना की बढ़त को कायम रखा। इसके बाद तानी ओलुवासेयी ने भी एक आसान मौका गंवा दिया, जब उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर चला गया।

दूसरे हाफ में कनाडा ने खेल की रफ्तार बढ़ा दी। टीम लगातार बराबरी की तलाश में हमले करती रही। ओलुवासेयी ने हेडर से लगभग बराबरी कर ली थी , लेकिन डिफेंडर निकोला कैटिक ने उसे रोक दिया। वहीं, रिची लारिया के एक संभावित गोल को कोलासिनाक ने गोललाइन से क्लियर करके अपनी टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद की।

दूसरी ओर, बोस्निया ने भी लगातार आक्रामक खेल जारी रखा। कनाडा के गोलकीपर मैक्सिम क्रेप्यू ने एर्मेडिन डेमिरोविच के खतरनाक प्रयास को रोककर अपनी टीम को मैच में बनाए रखा।जब ऐसा लग रहा था कि बोस्निया यह मुकाबला जीत जाएगा, तभी कनाडा के कोच जेसी मार्श ने ऐसा दांव खेला, जो एकदम फिट बैठ गया। 76वें मिनट में मैदान पर आए साइल लारिन ने सिर्फ दो मिनट बाद ही गोल दाग दिया। प्रोमिस डेविड के शानदार पास पर लारिन ने बॉक्स के अंदर गेंद को नियंत्रित किया और उसे गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।

स्टॉपेज टाइम में लारिन के पास जीत दिलाने का भी मौका था, लेकिन तारिक मुहरेमोविच ने उनके शॉट को रोक दिया। दोनों टीमों ने इसके बाद गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता हाथ नहीं लग सकी और मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। मैच के बाद अपने अहम योगदान के बारे में बताते हुए लारिन ने कहा कि वह कनाडा को घरेलू मैदान पर अच्छा नतीजा दिलाने में मदद करके खुश हैं।

उन्होंने कहा, “जब भी कनाडा को मेरी जरूरत होती है, मैं गोल करने की कोशिश करता हूं। हमें आगे भी पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ खेलना होगा।” इस ड्रॉ से कनाडा को वर्ल्ड कप का अपना सफर शुरू करने के लिए एक कीमती पॉइंट मिला है और ग्रुप बी के बाकी मैचों से पहले मोमेंटम मिल गया है।