Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल भारत बनाम अफगानिस्तान: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, शिखर धवन का तोड़ा...

भारत बनाम अफगानिस्तान: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, शिखर धवन का तोड़ा रिकॉर्ड

0
9

धर्मशाला, 14 जून (आईएएनएस)। भारत ने शनिवार को पहले वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान को बारिश से प्रभावित मुकाबले में 7 विकेट से हराया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया की इस जीत के नायक कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 66 गेंदों में 84 रनों की दमदार पारी खेली। गिल ने अपनी इस पारी के दौरान खास मुकाम हासिल कर लिया है।

शुभमन गिल भारत की ओर से वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 61वीं पारी में हासिल की। गिल ने इस मामले में भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को पीछे छोड़ा। धवन ने यह मुकाम 72वीं पारी में हासिल किया था। विश्व क्रिकेट में गिल से तेज 3 हजार वनडे रन पूरा करने के मामले में सिर्फ साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला आगे हैं। अमला ने 57वीं पारी में 3 हजार रन पूरे किए हैं।

अफगानिस्तान से मिले 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने सधी हुई शुरुआत दी। रोहित 16 रन बनाकर रनआउट हुए। इसके बाद कप्तान गिल ने ईशान किशन संग मिलकर दूसरे विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 70 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

ईशान 22 गेंदों में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि गिल एक छोर पर डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। उन्होंने 66 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। वहीं, केएल राहुल 19 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले, भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम को 194 रनों पर समेटा। इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने 4.5 ओवर के स्पेल में सिर्फ 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, गुरनूर के साथ डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे ने भी 3 विकेट चटकाए।

वहीं, अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी ने भी दो-दो विकेट झटके। अफगानिस्तान की तरफ से रहमानुल्लाह गुरबाज ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 102 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। 200 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए गुरबाज ने 8 चौके और 8 छक्के लगाए। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।