Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मैरी मिलबेन ने जी-7 शिखर सम्मेलन को ट्रंप के ल‍िए बताया मौका,...

मैरी मिलबेन ने जी-7 शिखर सम्मेलन को ट्रंप के ल‍िए बताया मौका, भारत-अमेरिका संबंध सुधारने की अपील

0
13

वॉशिंगटन, 14 जून (आईएएनएस)। अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका और भारत-अमेरिका संबंधों की समर्थक मैरी मिलबेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपील की है कि वे अगले हफ्ते जी-7 शिखर सम्मेलन में होने वाली अपनी प्रस्तावित मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अमेरिका-भारत संबंधों को ‘ठीक’ करें और भारतीय लोगों का ‘भरोसा वापस जीतें’।

17 जून को होने वाली इस बैठक से पहले मिलबेन ने कहा कि ट्रंप को इस मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों को फिर से मजबूत करने के एक बड़े मौके के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की 17 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन में मुलाकात करने वाले हैं। ‘अमेरिकी राष्ट्रपति को पीएम मोदी से माफी मांगनी चाहिए।’

गायिका मिलबेन अक्सर वॉशिंगटन और नई दिल्ली के बीच मजबूत संबंधों का समर्थन करती रही हैं। मिलबेन ने कहा कि हाल के तनावों के बावजूद पीएम मोदी का ट्रंप से मिलने का फैसला एक महत्वपूर्ण और शालीन कदम है।

उन्होंने कहा, “अमेरिका-भारत संबंधों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पीएम मोदी का यह मिलना काफी शालीनता भरा है।”

मिलबेन ने कहा कि यह मुलाकात पीएम मोदी के लिए उतनी जरूरी नहीं है, जितनी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए है। यह ऐसी मुलाकात नहीं है जो प्रधानमंत्री को चाहिए, बल्कि यह राष्ट्रपति ट्रंप को ज्यादा जरूरी है।

दोनों देशों के रिश्तों को फिर से मजबूत करने की बात करते हुए मिलबेन ने कहा कि ट्रंप को इस मौके का इस्तेमाल संबंधों को सुधारने के लिए करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के लिए यह अच्छा होगा कि वे जी-7 शिखर सम्मेलन का इस्तेमाल अमेरिका और भारत के रिश्तों को सुधारने के अवसर के रूप में करें।”

मिलबेन ने कहा कि ट्रंप को इस बैठक का उपयोग एक नए शुरुआत के मौके के रूप में करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “जी-7 शिखर सम्मेलन को एक रणनीतिक अवसर के रूप में इस्तेमाल करें, ताकि अमेरिका-भारत संबंधों को सच में ‘रीसेट’ किया जा सके।”

उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप को इस मुलाकात का पूरा फायदा उठाना चाहिए और भारतीय लोगों का भरोसा वापस जीतने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप को इस मुलाकात का पूरा उपयोग करना चाहिए, ताकि हम आगे बढ़ सकें और प्रधानमंत्री तथा भारतीय लोगों का भरोसा दोबारा हासिल कर सकें।”

यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी और ट्रंप के बीच जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कनाडा में मुलाकात होने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह बैठक दोनों देशों में काफी ध्यान खींचेगी, क्योंकि व्यापार, रक्षा सहयोग, तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार बातचीत चल रही है।

बयान के अंत में उन्होंने राष्ट्रपति के लिए एक व्यक्तिगत अपील भी की। उन्होंने कहा, “मैं इस समय राष्ट्रपति के लिए समझदारी की प्रार्थना कर रही हूं।”

पिछले कुछ वर्षों में मैरी मिलबेन अमेरिका में उन प्रमुख सार्वजनिक चेहरों में से एक बन गई हैं जो भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने की वकालत करती रही हैं। उन्होंने अक्सर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ की है और अमेरिका में कई भारत-सम्बंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। वह भारत का राष्ट्रगान भी प्रस्तुत कर चुकी हैं और दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों का समर्थन करती रही हैं।