Tuesday, June 16, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth डीयू में 20 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन शुरू, 5 जुलाई तक...

डीयू में 20 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन शुरू, 5 जुलाई तक भरें फॉर्म

0
4

नई दिल्ली, 16 जून (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने अपने एक प्रमुख मीडिया संस्थान, दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म (डीएसजे) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शैक्षणिक और भाषा श्रेणियों में असिस्टेंट प्रोफेसरों (गेस्ट आधार पर) के कुल 20 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

डीयू की ओर से गेस्ट आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए जारी 20 रिक्तियों में विषय अनुसार पत्रकारिता और जनसंचार से 16 और भाषा श्रेणी (हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी) से 4 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) या दिल्ली स्कूल ऑफ जर्नलिज्म (डीएसजे) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर दें।

गेस्ट फैकल्टी पोस्ट के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास वही योग्यता होनी चाहिए, जो यूजीसी नियमों के तहत कॉलेजों में रेगुलर असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए तय की गई है। वहीं, उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के लिए कम से कम एकेडमिक परफॉर्मेंस इंडिकेटर (एपीआई) स्कोर वही होगा, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी ने तय किया है। अगर जरूरी संख्या में उम्मीदवार नहीं मिलते हैं, तो एपीआई स्कोर में उसी हिसाब से छूट दी जा सकती है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी यूजीसी के नियमों के अनुसार होगी। वहीं, इंटरव्यू केवल ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जाएंगे।

इंटरव्यू का शेड्यूल और शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की लिस्ट डीएसजे और डीयू वेबसाइटों पर पब्लिश की जाएगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित तौर पर वेबसाइट चेक करते रहें।