Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति समाजवादी पार्टी के डीएनए में केवल मुस्लिम तुष्टीकरण: ब्रजेश पाठक

समाजवादी पार्टी के डीएनए में केवल मुस्लिम तुष्टीकरण: ब्रजेश पाठक

0
6

देवरिया, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित अनियमितताओं को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सवालों पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में सिर्फ तुष्टिकरण है, इसके अलावा वे कुछ भी सोच नहीं सकते हैं।

देवरिया में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति मुस्लिम तुष्टीकरण पर केंद्रित है। यह जनता के सामने एक छवि पेश करती है, लेकिन असल में कुछ और करती है। अब लोगों को इस पर भरोसा नहीं रहा। सपा मौलाना की पार्टी है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सवाल उठाने वाले दूसरे लोगों से कहना चाहता हूं कि राम मंदिर चंदा विवाद मामले में पहले से ही एसआईटी की जांच चल रही है, कमेटी बना दी गई है। एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख से मेरा सवाल यह है कि जब बाबरी मस्जिद बनाने के लिए चंदा इकट्ठा किया गया था तो क्या आपको याद है कि वह पैसा कहां गया? उस पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते? ऐसे बयान देकर वे तुष्टीकरण और वोट-बैंक की राजनीति कर रहे हैं। प्रदेश की जनता अच्छे से जानती है कि इन लोगों ने राम भक्तों पर गोली चलाने का काम किया।

पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर देवरिया में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में जन-कल्याण और देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया है। देशभर में भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए इस सेवा अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

दूसरी ओर, मंत्री अनिल राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर तंज कसा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया सैफई मानसिकता से बाहर नहीं निकलना चाहते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य पर ज्ञान दे रहे हैं, जिनके जमाने में विद्यालयों में भैंसें चरा करती थी, नीचे जमीन पर बच्चा पढ़ने को मजबूर था, वह हमें शिक्षा पर ज्ञान दे रहे हैं।

हमारी सरकार निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। हाल ही में एक आंकड़े के अनुसार, सात लाख से ज्यादा बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया गया, जो मुख्यधारा में नहीं थे।

उन्होंने कहा कि गरीबों के अंदर आत्मविश्वास जगा है, और वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की भूमिका को साकार किया गया है। पीएम मोदी की सरकार ने भी दिल खोलकर आशीर्वाद दिया है। हमारे कॉलेजों में नर्सिंग की पढ़ाई शुरू हो रही है, लेकिन जिनकी मानसिकता सैफई से बाहर नहीं निकल सकती है, उन्हें अच्छी चीजें कहां से दिखाई देंगी।

सपा के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर मंत्री ने कहा कि उन्हें जो करना है करें, कोई लाभ नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि हमारा बुद्धिजीवी वर्ग अच्छे से जानता है कि योगी सरकार ही यूपी को उत्तम प्रदेश बना सकती है।