Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर: बनिहाल में आयुष्मान भारत योजना बनी जीवनरेखा, गरीब मरीजों को मिल...

जम्मू-कश्मीर: बनिहाल में आयुष्मान भारत योजना बनी जीवनरेखा, गरीब मरीजों को मिल रहा मुफ्त इलाज

0
6

रामबन, 18 जून (आईएएनएस)। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा की एक बड़ी जीवनरेखा साबित हो रही है। इससे पात्र मरीज बनिहाल के अस्पताल में मुफ्त और अच्छा इलाज करा पा रहे हैं। हजारों लाभार्थियों को इस योजना के तहत मुफ्त इलाज और सर्जरी का फायदा मिल चुका है।

बनिहाल में डॉक्टर रईद अहमद खांडे की देखरेख में अस्पताल और प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है कि योजना का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचे। बड़ी संख्या में मरीज रोजाना अस्पताल आते हैं और मुफ्त सलाह, दवाइयां, जांच और सर्जरी जैसी सुविधाएं लेते हैं।

बनिहाल और आसपास के लोगों का कहना है कि इस पहल से अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिलना काफी आसान हो गया है, खासकर उन गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए जिन्हें पहले इलाज का खर्च उठाने में मुश्किल होती थी।

लोगों ने बनिहाल के उप-जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा कर्मचारियों और अधिकारियों की तारीफ की है। लाभार्थियों ने समाज के कमजोर वर्गों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम बताते हुए इसका स्वागत भी किया है।

स्थानीय युवक बहर अहमद तांत्रे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मेरी मां को फैक्चर हुआ था। अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से इलाज की व्यवस्था हुई। इलाज के साथ दवाइयां और अन्य सुविधाएं भी मिली हैं। इसके लिए हम सरकार का शुक्रिया करते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की देखरेख में यह चीजें हो रही हैं, जिसका फायदा यह है कि लोगों के साथ धोखाधड़ी नहीं होती, बल्कि सब कुछ ऑनलाइन होता है और जल्दी प्रक्रिया पूरी हो जाती है।

बनिहाल अस्पताल के इंचार्ज डॉक्टर रईस अहमद खांडे ने कहा, “अस्पताल में मरीजों को आयुष्मान कार्ड के जरिए मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। हर महीने लगभग 60-70 मरीज अस्पताल में भर्ती होते हैं, जिनका आयुष्मान कार्ड से इलाज किया जाता है।”

मरीज गुल मोहम्मद लोन ने आईएएनएस से बात करते हुए अपने अनुभव शेयर किए। उन्होंने कहा, “मैं तबीयत खराब होने पर अस्पताल पहुंचा था, जहां स्थिति को देखते हुए मुझे भर्ती किया गया। मेरे पास आयुष्मान कार्ड है, जिसके जरिए सारे टेस्ट, इलाज और दवा मुफ्त मिल रही है।”

गुल मोहम्मद लोन ने केंद्र सरकार की योजना को जमकर सराहा। उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छी योजना है। इससे गरीब लोगों को इलाज मुफ्त में हो जाता है।”

स्थानीय नागरिक इमरान अहमद लोन ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमें यहां आयुष्मान भारत योजना के तहत हर सुविधा मिली है। हम सरकार का शुक्रगुजार हैं कि गरीबों के लिए ऐसी योजना चलाई गई है।”