Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘यूनाइटेड कलर्स ऑफ कांग्रेस’ बना चर्चा का विषय, गहलोत, पायलट और धारीवाल,...

‘यूनाइटेड कलर्स ऑफ कांग्रेस’ बना चर्चा का विषय, गहलोत, पायलट और धारीवाल, गुंजल की तस्वीरें वायरल

0
6

जयपुर, 18 जून (आईएएनएस)। राजस्थान में कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच रहे तनाव के बीच अब पार्टी एक बार फिर “एकजुटता” का संदेश देती नजर आ रही है।

हाल ही में लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कोटा दौरे के दौरान कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिनमें अशोक गहलोत, सचिन पायलट, शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल एक ही मंच पर साथ नजर आए। ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और पार्टी के भीतर संभावित सुलह की बात सामने आने लगी है।

कोटा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को मंच पर मुस्कुराते और बातचीत करते देखा गया। यह फोटो उन कार्यकर्ताओं के लिए खास है, जो लंबे समय से दोनों नेताओं के बीच मतभेदों से परिचित रहे हैं।

इस कार्यक्रम में राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे और वे भी दोनों नेताओं के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते नजर आए।

हालांकि गहलोत या पायलट की ओर से रिश्तों को लेकर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया गया, लेकिन ये तस्वीरें कांग्रेस के अंदर चर्चा का बड़ा विषय बन गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इन्हें एकता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

वही, एक अन्य तस्वीर में अशोक गहलोत के साथ कोटा के दिग्गज नेता शांति धारीवाल और पूर्व भाजपा से कांग्रेस में आए प्रहलाद गुंजल भी दिखाई दिए। यह फोटो इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि धारीवाल और गुंजल को कोटा की स्थानीय राजनीति में लंबे समय से प्रतिद्वंदी माना जाता रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ता इन तस्वीरों को पार्टी में बढ़ती एकजुटता के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ नेता इसे सिर्फ औपचारिक और सार्वजनिक सौहार्द का हिस्सा मान रहे हैं।