बूंदी, 18 जून (आईएएनएस)। राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और कोचिंग संस्कृति जैसे मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा कोटा में किए गए छात्र संवाद कार्यक्रम का समर्थन करते हुए इसे युवाओं की समस्याओं को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तूफान हैं और उन्हें कोई युवाओं के मुद्दे उठाने से रोक नहीं सकता।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के युवाओं की सबसे बड़ी समस्या आज परीक्षा प्रणाली में अनियमितता और पेपर लीक है। उन्होंने कहा कि छात्र और उनके परिवार भारी खर्च करके कोचिंग और तैयारी करते हैं, यहां तक कि कई लोग कर्ज लेकर और संपत्ति गिरवी रखकर बच्चों की शिक्षा पर निवेश करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाने से उनकी मेहनत और सपने बर्बाद हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसी न किसी को आगे आकर युवाओं की मुख्य समस्याओं को समझना और उनका समाधान निकालना होगा। डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है और छात्रों से संवाद करके उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि राजनीति को युवाओं के मुद्दों से अलग नहीं किया जा सकता।
डोटासरा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में बेरोजगारी और आर्थिक असमानता बढ़ रही है, जिसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ रहा है।
इसी बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी राहुल गांधी के कोटा दौरे और छात्र संवाद कार्यक्रम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। एक ओर कोचिंग संस्थानों पर लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सरकारी नौकरियों में सीमित सीटों के कारण लाखों युवा बेरोजगार रह जाते हैं।
टीकाराम जूली ने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने जैसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी व्यवस्था में कुछ लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिन पर कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए ताकि दोषियों को सजा मिल सके।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कोटा में छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का काम किया है। उनके अनुसार, एक छोटे से वर्ग को ही सरकारी नौकरियां मिलती हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है।
टीकाराम जूली ने यह भी कहा कि आज शिक्षा प्रणाली में कोचिंग इंडस्ट्री का दबदबा बढ़ता जा रहा है और अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

