Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार, 39 बंकर नष्ट, एक...

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 7 गिरफ्तार, 39 बंकर नष्ट, एक उग्रवादी ढेर

0
4

इंफाल, 18 जून (आईएएनएस)। मणिपुर में सुरक्षाबलों ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें तीन विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े हुए हैं। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में गोला और बारूद बरामद किया है। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने विभिन्न जिलों में बनाए गए 39 बंकरों को भी ध्वस्त किया। साथ ही, यूकेएनए उग्रवादी भी इस संयुक्त कार्रवाई में मारा गया है।

रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक, यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) का एक कैडर मारा गया। इसके अलावा, भारतीय सेना और अमस राइफल्स ने चुराचांदपुर जिला में संयुक्त कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा गोला और बारूद बरामद किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) और कांगलेइपाक की समाजवादी क्रांतिकारी पार्टी (सोरेपा) के संगठन से तीन उग्रवादियों को इंफाल के बिष्णुपुर जिले से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार हुए सभी उग्रवादी कई प्रकार की हिंसक और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, कांगपोकपी जिले में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है।

बरामद हथियारों में 11 सिंगल-बैरल ब्रीच-लोडिंग (एसबीबीएल) 12-बोर बंदूकें, 12-बोर गोला-बारूद के 294 जिंदा राउंड, बारूद के दो पैकेट, 12-बोर कारतूस के 34 खाली खोखे और छह बुलेटप्रूफ जैकेट शामिल हैं।

सुरक्षाबलों के मुताबिक, चार अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने गैर-कानूनी तरीके से बनाए गए 39 बंकरों को भी ध्वस्त कर दिया।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स की संयुक्त कार्रवाई के तहत विद्रोही गतिविधियों को पूरी तरह से ध्वस्त किया गया है।

यूकेएनए कैडरों की गतिविधियों के संबंध में विशिष्ट खुफिया जानकारी मिलने के बाद चुराचांदपुर जिले का हेंगलेप उपमंडल में यह कार्रवाई शुरू की गई।

चुनौतीपूर्ण भूभाग और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के बावजूद सैनिकों ने सटीकता के साथ अभियान को अंजाम दिया।

सुरक्षाकर्मियों के विद्रोहियों के ठिकाने के पास पहुंचने पर गोलीबारी शुरू हो गई। भीषण गोलीबारी में एक यूकेएनए आतंकवादी मारा गया, जबकि शेष आतंकवादी भागने में सफल रहे।

प्रवक्ता के मुताबिक, इसके बाद चलाए गए तलाशी अभियानों के परिणामस्वरूप किलेबंद बंकरों को नष्ट कर दिया गया और हथियारों, गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री का एक बड़ा भंडार बरामद किया गया। विद्रोहियों के आधारभूत ढांचे को नष्ट करके, सुरक्षा बलों ने राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया।

सुरक्षाबल लगातार उग्रवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। मणिपुर के सीमावर्ती, मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण अभ्यास जारी हैं।

घाटी और पहाड़ी दोनों जिलों में असामाजिक और शत्रुतापूर्ण तत्वों के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए कुल 116 नाके और चेकपॉइंट स्थापित किए गए हैं।

सुरक्षा बल इम्फाल-जिरिबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों सहित वाहनों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।