मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष में हुई टूट और राजनीतिक बयानबाजी के बीच शिवसेना की नेता शाइना एनसी ने तीखा पलटवार किया है। शाइना एनसी ने कहा कि संजय राउत अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और जिस तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, वह महाराष्ट्र की संस्कृति के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ और आक्रमक भाषा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।
गुरुवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान शाइना एनसी ने कहा, “संजय राउत अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। शायद अब वक्त आ गया है कि वो ठाणे म्युनिसिपल हॉस्पिटल में अपने आप को भर्ती करा लें, क्योंकि जिस अंदाज से वो प्रस्तुत होते हैं, ये तोड़-फोड़ की राजनीति, ये महाराष्ट्र की संस्कृति नहीं है।
उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे की लोकप्रियता और काम करने की शैली के कारण ही विधायक और सांसद एकजुट होकर उनके साथ आए हैं। उनका दावा है कि कई जनप्रतिनिधि पहले की कार्यप्रणाली से परेशान थे और इसी वजह से उन्होंने नया रास्ता चुना है।
शाइना एनसी ने कहा, “एकनाथ शिंदे जमीन से जुड़े जन-नेता हैं और हर दिन लोग हमारी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। संजय राउत को इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि उनकी पार्टी दो-तीन बार क्यों टूटी। जब 4-5 लाख वोट पाने वाले विधायक और सांसद पार्टी छोड़ते हैं, तो आप उन्हें खारिज करते हैं और अपशब्द कहते हैं, क्या यह लोकतंत्र की हत्या नहीं है? जब आपके अपने नेता बाहर नहीं निकलते और कार्यकर्ताओं से नहीं मिलते, तो क्या यह खराब गवर्नेंस नहीं है?”
उन्होंने सलाह दी कि दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अब आत्म-मंथन करने का समय आ गया है। 2019 में जब आपने सत्ता के लालच में कांग्रेस पार्टी के साथ जाने का फैसला किया, तब तो सब ठीक था और आज, जब आपके अपने सांसद आपकी लीडरशिप छोड़ना चाहते हैं, तो आप दूसरी पार्टियों पर आरोप लगाते हैं। यह कहां तक सही है?”
उन्होंने कहा, “दो-तिहाई बहुमत के लिए एक बुनियादी संवैधानिक प्रावधान है। अगर कोई नेता बाहर निकलना चाहता है, तो यह एक संवैधानिक प्रावधान है। दूसरों पर आरोप लगाना और लांछन लगाना बंद करें।”

