Thursday, June 18, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी की जीत पर एनडीए खेमे में उत्साह, बाबूलाल...

राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी की जीत पर एनडीए खेमे में उत्साह, बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन ने दी बधाई

0
5

रांची, 18 जून (आईएएनएस)। झारखंड से राज्यसभा के लिए एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत के बाद भाजपा और एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल है। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए इसे झारखंड के हित में महत्वपूर्ण परिणाम बताया है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सबसे पहले वह एनडीए गठबंधन के सभी नेताओं, विधायकों तथा झारखंड विधानसभा के सभी 81 विधायकों को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम वरीयता के आधार पर परिमल नाथवानी को 28 मत मिलना इस बात का संकेत है कि राज्य के विधायकों ने राज्यहित को प्राथमिकता देते हुए सोच-समझकर निर्णय लिया है।

मरांडी ने कहा कि परिमल नाथवानी लगातार दो कार्यकाल से झारखंड के राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करते रहे हैं, और इस दौरान वे राज्य के विकास तथा जनहित के मुद्दों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड और यहां के लोगों से नाथवानी का गहरा जुड़ाव रहा है, तथा उन्हें दोबारा सेवा का अवसर मिलने से राज्य को लाभ मिलेगा।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी नाथवानी को जीत की बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वह केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को झारखंड के आम लोगों तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अपने संदेश में ‘जय भाजपा, विजय एनडीए’ का उल्लेख करते हुए इसे गठबंधन की महत्वपूर्ण जीत बताया।

बता दें कि झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में झामुमो के बैजनाथ राम और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी विजयी घोषित हुए हैं। मतगणना के अनुसार, बैजनाथ राम को 31, परिमल नाथवानी को 28, और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रणव झा को 19 मत प्राप्त हुए। तीन मत अवैध घोषित किए गए।