Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बर्गेनस्टॉक टॉक्स में गालिबाफ और अराघची शामिल: ईरान

बर्गेनस्टॉक टॉक्स में गालिबाफ और अराघची शामिल: ईरान

0
7

तेहरान/जिनेवा, 21 जून (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल रविवार दोपहर स्विट्जरलैंड में होने वाली एक बैठक में शामिल होंगे। इस वार्ता में कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थ टीम भी मौजूद रहेगी, जो बातचीत प्रक्रिया को सुगम बनाने में भूमिका निभाएगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए को बताया कि यह एक दिवसीय बैठक होगी। उन्होंने कहा कि सुबह के सत्र में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों के साथ द्विपक्षीय बैठकें होंगी।

इसके बाद दोपहर में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चार-पक्षीय वार्ता आयोजित की जाएगी। यह वार्ता क्षेत्रीय तनाव और विभिन्न कूटनीतिक मुद्दों के समाधान के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।

आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्री इग्नाजियो कैसिस से भी मुलाकात की। यह मुलाकात स्विट्जरलैंड में ईरानी प्रतिनिधिमंडल के आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत के रूप में हुई।

स्विस विदेश मंत्रालय लगातार बैठक को लेकर अपडेट दे रहा है, हालांकि गोपनीयता का हवाला दे बैठक में शामिल प्रतिनिधियों का पहले नाम नहीं बताया जा रहा था, लेकिन रविवार को कुछ तस्वीरों के साथ कुछ नाम जाहिर किए गए। बैठक में शामिल हो रहे देशों की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कौन शामिल होगा और कौन नेतृत्व करेगा इसकी जानकारी दी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बर्गेनस्टॉक टॉक्स में तेहरान की ओर से गालिबाफ और अराघची के अलावा अमेरिका से जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल होंगे। बतौर मध्यस्थ पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ और सैन्य प्रमुख आसिफ मुनीर तो कतर की ओर से विदेश मंत्री अल थानी हिस्सा लेंगे। इसमें अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के चीफ राफेल ग्रॉसी भी शामिल होंगे।

107 दिनों तक चले संघर्ष पर विराम लगाने की कोशिश के तहत 14 सूत्रीय संघर्ष विराम का ऐलान हुआ। फ्रांस के पैलेस ऑफ वर्साय में इस पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर किए तो उनके ईरानी समकक्ष मसूद पेजेश्कियन ने इलेक्ट्रॉनिक दस्तखत किए। अंतरिम समझौते के प्रारूप और भविष्य को लेकर चर्चा स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक रिजॉर्ट में तय हुई है।