मियामी, 22 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में काबो वर्डे का शानदार सफर जारी है। पहली बार विश्व कप में हिस्सा ले रही टीम ने मियामी स्टेडियम में दो बार की चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ हुए मुकाबले का अंत 2-2 की बराबरी पर किया। इससे पहले, काबो वर्डे ने स्पेन को भी अपने पहले मैच में ड्रॉ पर रोका था।
लगातार दूसरे ड्रॉ के साथ ही कोबो वर्डे ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा अंक भी अर्जित कर लिया है और टीम राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की रेस में बनी हुई है। मैच की शुरुआत से ही कोबो वर्डे का दबदबा देखने को मिला। टीम ने हर किसी को चौंकाते हुए मैच के 21वें मिनट में उरुग्वे के खिलाफ 1-0 की बढ़त बनाई।
टेल्मो अर्कांजो की फ्री किक को केविन पिना ने शानदार गोल में तब्दील किया। यह काबो वर्डे का विश्व कप इतिहास का पहला गोल भी रहा। हालांकि, काबो वर्डे की इस बढ़त को उरुग्वे ने ज्यादा समय पर बरकरार नहीं रहने दिया और हाफ टाइम से पहले ही स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।
उरुग्वे की ओर से मैच का पहला गोल मैक्सी अरुजो ने किया। रोड्रिगो बेंटानकुर का हेडर गोल पोस्ट से टकराने के बाद वापस आया, जिसे अरुजो ने शानदार शॉट के साथ गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद स्टॉपेज टाइम में उरुग्वे ने मैच में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। टीम के लिए दूसरा गोल अगस्टिन कैनोबिओ ने किया।
मैनुअल उगार्ते द्वारा दिए गए क्रॉस पास पर मैक्सी अराउजो ने हेडर लगाया, लेकिन गेंद गोल पोस्ट से बाहर जाती हुई दिख रही थी तभी अगस्टिन कैनोबिओ ने बॉल को रुख अपने शॉट से गोल पोस्ट की तरफ मोड़ दिया। इस गोल के बाद लग रहा था कि उरुग्वे इस मुकाबले को आसानी से अपने नाम कर लेगी और टीम लगातार काबो वर्डे के डिफेंस पर दबाव बना रही थी।
मैच में खुद को पिछड़ते देख काबो वर्डे ने 57वें मिनट में अपने स्टार खिलाड़ी हेलियो वरेला को मैदान पर उतारा। वरेला ने मैदान पर आते ही अपना कमाल दिखाया और 60वें मिनट में स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। उरुग्वे की ओर से ओलिवेरा पास देने के प्रयास में गेंद को सीधा वरेला को दे बैठे। इसके भरपूर फायदा वरेला ने उठाया और गोलकीपर को छकाते हुए शानदार गोल किया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन किसी को भी सफलता हाथ नहीं लगी और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।

