नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। उम्र बढ़ना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे रोका नहीं जा सकता। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, त्वचा के अंदर बनने वाले जरूरी तत्व धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। इनमें कोलेजन और इलास्टिन जैसे प्रोटीन शामिल होते हैं, जो त्वचा को मजबूत और मुलायम बनाए रखते हैं। जब ये कमजोर होते हैं तो चेहरे पर झुर्रियां, ढीलापन और रूखापन दिखने लगता है। आज के समय में सिर्फ उम्र ही नहीं बल्कि हमारी रोज की आदतें भी त्वचा को जल्दी बूढ़ा बना रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, धूम्रपान त्वचा के लिए सबसे हानिकारक आदतों में से एक है। सिगरेट के धुएं में कई ऐसे जहरीले तत्व होते हैं, जो शरीर की नसों को सिकोड़ देते हैं। इससे त्वचा तक खून और ऑक्सीजन कम पहुंचता है। जब त्वचा को सही पोषण नहीं मिलता तो वह धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है और समय से पहले झुर्रियां दिखने लगती हैं।
नींद की कमी भी त्वचा पर गहरा असर डालती है। जब हम सोते हैं तो शरीर खुद को ठीक करता है और नई कोशिकाएं बनाता है। लेकिन अगर नींद पूरी नहीं होती तो यह प्रक्रिया ठीक से नहीं हो पाती। शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन बढ़ जाते हैं, जिससे त्वचा की मरम्मत धीमी हो जाती है। इसका असर चेहरे पर थकान, डलनेस और झुर्रियों के रूप में दिखाई देने लगता है, इसलिए रोज 7 से 9 घंटे की नींद बहुत जरूरी होता है।
पानी कम पीना भी त्वचा को जल्दी बूढ़ा बना सकता है। पानी शरीर और त्वचा दोनों के लिए बहुत जरूरी है। यह त्वचा को अंदर से नमी देता है और उसे मुलायम रखता है। जब शरीर में पानी की कमी हो जाती है तो त्वचा रूखी और बेजान दिखने लगती है। इससे चेहरे पर लाइन्स भी ज्यादा नजर आने लगती हैं। पर्याप्त पानी पीने से त्वचा साफ और स्वस्थ बनी रहती है।
खराब खानपान भी त्वचा की उम्र बढ़ाने में बड़ा कारण है। अगर हम ज्यादा तला-भुना, मीठा या जंक फूड खाते हैं तो शरीर में सूजन बढ़ सकती है। यह सूजन धीरे-धीरे त्वचा की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। दूसरी तरफ अगर हम फल, सब्जियां, दालें और अच्छे वसा वाले भोजन खाते हैं तो त्वचा को जरूरी पोषण मिलता है और वह लंबे समय तक स्वस्थ रहती है।
तनाव भी त्वचा पर असर डालती है। जब हम ज्यादा तनाव लेते हैं तो शरीर में ऐसे हार्मोन बनते हैं जो त्वचा की सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। तनाव से त्वचा की चमक कम हो सकती है और चेहरे पर थकान साफ दिखने लगती है। लंबे समय तक तनाव रहने से झुर्रियां भी जल्दी आ सकती हैं।
आज के समय में प्रदूषण भी त्वचा के लिए एक बड़ा खतरा बन चुका है। हवा में मौजूद धूल, धुआं और जहरीले कण त्वचा पर जम जाते हैं। ये त्वचा के अंदर जाकर उसे नुकसान पहुंचाते हैं और उसकी प्राकृतिक चमक को कम कर देते हैं। लंबे समय तक प्रदूषण में रहने से त्वचा जल्दी बूढ़ी दिखने लगती है।

