नोएडा, 23 जून (आईएएनएस)। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण (नष्टीकरण) कराया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बरामद किए गए मादक पदार्थों को न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के बाद नष्ट किया गया। विनिष्टीकरण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं कानूनी प्रावधानों के अनुरूप पूरी की गई।
ऑपरेशन दहन के तहत कुल 2918.67 किलोग्राम गांजा, 18.805 किलोग्राम चरस, 30.4 किलोग्राम डोडा, 120 ग्राम एमडीएमए, 1.77 किलोग्राम ड्रग्स गोलियां तथा 1.12 किलोग्राम हेरोइन को नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 18 करोड़ 88 लाख 50 हजार 750 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बताया गया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और जब्त किए गए नशीले पदार्थों के सुरक्षित विनिष्टीकरण के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया था। समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और कानूनी तरीके से संपन्न कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों का यह विनिष्टीकरण केवल कानूनी कार्रवाई भर नहीं है, बल्कि समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। इससे युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही, मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को स्पष्ट संदेश जाएगा कि गौतमबुद्धनगर पुलिस उनके खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।

