मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। भारतीय इतिहास में 25 जून का दिन ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में जाना जाता है। इस दिन देश में 1975 में आपातकाल लगाया गया था, जिसे लोकतंत्र और संविधान के हनन के रूप में देखा जाता है। इसी अवसर पर अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के निर्माण से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया।
इंस्टाग्राम पर वीडियो के जरिए कंगना रनौत ने फिल्म के पीछे की तैयारी, कलाकारों के अनुभव और फिल्म के कुछ सीन्स दिखाए हैं, जो आपातकाल के समय की कहानी को सामने लाते हैं। वीडियो में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि किस तरह उस दौर की घटनाओं को पर्दे पर उतारने के लिए मेहनत की गई। कंगना ने इस पोस्ट के साथ एक लंबा कैप्शन भी लिखा।
अपने कैप्शन में उन्होंने कहा, ”आज हम उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने भारत के इतिहास के सबसे कठिन और अंधकारमय दौर में, यानी आपातकाल के समय, लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती से रक्षा की। आपातकाल हमारे संविधान पर एक सीधा हमला था। इस दौरान नागरिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगा दी गई, राजनीतिक नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां हुईं और लोकतंत्र की नींव मानी जाने वाली संस्थाओं पर भी गंभीर असर पड़ा।”
कंगना ने लिखा, ”मैंने इस विषय पर एक फिल्म का निर्देशन, अभिनय और निर्माण किया है। एक फिल्मकार के रूप में यह मेरे लिए एक बेहद असाधारण अनुभव रहा। आप सभी से अनुरोध है कि फिल्म ‘इमरजेंसी’ को नेटफ्लिक्स पर देखें। ””
इस वीडियो में फिल्म से जुड़े कलाकारों की भी झलक दिखाई गई, जहां कई कलाकारों ने कंगना के निर्देशन की तारीफ की। प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर ने कहा, ”कंगना के साथ निर्देशक के रूप में काम करना मेरे लिए एक खास अनुभव रहा। वह बहुत ही बारीकी से काम करने वाली निर्देशक है।”
वहीं सतीश कौशिक ने भी कहा कि कंगना एक ऐसे निर्देशक हैं जो हर छोटे से छोटे चीजों पर ध्यान देती हैं और कलाकारों से बेहतरीन प्रदर्शन निकलवाने में सक्षम हैं। इसके अलावा अभिनेता श्रेयस तलपड़े समेत अन्य कलाकारों ने भी उनके काम की सराहना की।
फिल्म ‘इमरजेंसी’ में कंगना ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का किरदार निभाया है। यह फिल्म 17 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके जरिए आपातकाल दौर की राजनीतिक परिस्थितियों को सिनेमाई रूप में दिखाने की कोशिश की गई।

