नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत दोस्ती, समुद्री सहयोग और आपसी साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार पीएम मोदी की सेशेल्स की यह राजकीय यात्रा राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले वर्ष 2015 में सेशेल्स गए थे। इस बार सेशेल्स अपने राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती 50वीं वर्षगांठ मना रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में भारतीय रक्षा बलों का एक दल और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत और सेशेल्स के बीच सहयोग के सभी क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे।
भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से मजबूत और दोस्ताना संबंध रहे हैं। ये संबंध साझा इतिहास, संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी होने के नाते सेशेल्स भारत की ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजंस) की सोच और ग्लोबल साउथ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में खास महत्व रखता है।
यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच गहरी और मजबूत दोस्ती को और मजबूत करेगी। साथ ही दोनों देशों की हर क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को भी आगे बढ़ाएगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी थीं।
इस पर पीएम मोदी ने पैट्रिक हर्मिनी का आभार भी जताया। पीएम ने कहा कि आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। समुद्री पड़ोसी और भरोसेमंद साझेदार के तौर पर भारत हमारे गहरे और बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

