Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय नोएडा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 किलो से अधिक गांजा बरामद; तीन...

नोएडा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 किलो से अधिक गांजा बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार

0
8

नोएडा, 25 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 63 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-8 स्थित नर्सरी के गेट के पास से दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौहम्मद मुजफ्फर अंसारी और टिंकू के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पश्चिम बंगाल से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। तस्करी के लिए उन्होंने एक सुनियोजित नेटवर्क तैयार किया हुआ था। आरोपी गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाते थे। यात्रा के दौरान पैकेटों को अलग-अलग बोगियों में रखवाया जाता था ताकि किसी को शक न हो। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेटों को एकत्रित कर बड़ी बोरियों में रखा जाता था और फिर किराये के ऑटो या ई-रिक्शा के जरिए फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाया जाता था।

इस अवैध कारोबार से आरोपी मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। वहीं दूसरी ओर थाना सूरजपुर पुलिस ने भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओसिस सोसायटी गोलचक्कर के पास से मोनू जोगी नामक एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मोनू जोगी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में करीब 19 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।