Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नीरज कुमार बोले-चंपत राय हों या...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नीरज कुमार बोले-चंपत राय हों या मंपत राय, अपराध करेंगे तो जेल जाएंगे

0
8

पटना, 26 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गुरुवार को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय के ड्राइवर समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हालांकि एफआईआर में चंपत राय का नाम शामिल नहीं है, जिसको लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि चंपत राय हों या मंपत राय हों, अपराध करेंगे तो जेल जाएंगे।

नीरज कुमार ने शुक्रवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि भगवान राम के नाम पर जो श्रद्धा से लोगों ने सेवा दी है, आर्थिक सेवा दी है और उस राशि का कोई गबन कर ले, यह कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है। यदि उनके खिलाफ साक्ष्य होंगे तो वे आज नहीं तो कल कानून के दायरे में आएंगे। कानून के दायरे में आने के साथ-साथ उन्हें प्रभु श्रीराम का दंड भी भुगतना पड़ेगा।

नीरज कुमार ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन हैं। जैसे तेजस्वी यादव बिहार में कम दिखाई देते हैं, वैसे ही राहुल गांधी का हाल है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उनका आचरण संसदीय लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। सरकार की नीतियों के आधार पर वैकल्पिक नीतियां देना उनका दायित्व है, लेकिन वे ईर्ष्या-द्वेष में राजनीति के उच्च रक्तचाप के शिकार हो गए हैं।

एलपीजी सप्लाई बहाली पर नीरज कुमार ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण देश पेट्रोलियम के मामले में आत्मनिर्भर नहीं है, लेकिन जनकल्याण की सरकार की चिंता यह रहती है कि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। केंद्र सरकार ने यदि ऐसा नीतिगत निर्णय लिया है, तो यह सराहनीय है। यह आर्थिक चुनौती के बीच वैश्विक संकट से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई के पात्र हैं।

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने कहा है कि यदि बेटी दोषी पाई जाती है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि ऐसे माता-पिता निश्चित रूप से श्रद्धा के पात्र हैं, जिन्होंने अपने संतान के कृत्य पर यह कहा कि यदि उसने ऐसा अपराध किया है तो उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यह एक माता-पिता के दायित्व का उचित निर्वहन है।

पश्चिम बंगाल में चार साल से लंबित सीएजी रिपोर्ट विधानसभा में पेश होने को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि आखिर सियासत का विषय क्या है? भारत के महालेखा नियंत्रक एवं परीक्षक की रिपोर्ट पर हंगामा तो वे लोग करेंगे जिन्होंने वित्तीय अनियमितताएं की होंगी। विपक्ष के नेता ही इसके लिए जिम्मेदार होते हैं। यदि टीएमसी की ओर से पहले ही प्रतिक्रिया दी जा रही है, तो इसका अर्थ है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है।

कर्नाटक में ईडी ने आबकारी विभाग में बड़े भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के नेटवर्क का दावा किया है। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि यदि ईडी ने कार्रवाई की है और शराब जैसे सामाजिक मुद्दे में अनियमितताएं सामने आई हैं, तो इसकी जांच जरूरी है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल मामले में इलाज में लापरवाही के आरोप पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जांच के आदेश दिए हैं। इस पर नीरज कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में ऐसे सवाल इसलिए उठते हैं, क्योंकि निजी अस्पतालों का संचालन मानकों के आधार पर नहीं हो पाता। यदि किसी मरीज के साथ लापरवाही या एसओपी का पालन नहीं हुआ है, तो जांच आवश्यक है। जांच रिपोर्ट आने के बाद चाहे फोर्टिस हो या अन्य बड़े अस्पताल, उनके प्रबंधन पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।