हरिद्वार, 26 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद के मामले पर सियासत तेज हो गई है। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने जनता को बहकावे में न आने और एसआईटी की कार्रवाई पर विश्वास रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, कोई बचने वाला नहीं है।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने शुक्रवार को हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “इतने कम समय में एसआईटी की रिपोर्ट सामने आ गई है, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है? जो लोग भी इसमें दोषी हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। अभी 15 दिन से पहले ही कार्रवाई शुरू हो गई है, आने वाले दिनों में बहुत कुछ खुल सकता है।”
राम मंदिर चढ़ावा में हेराफेरी के मामले में दर्ज एफआईआर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा, “मैं राज्य सरकार और भारत सरकार, दोनों की तारीफ करता हूं। आप दोनों सरकारों पर आंख बंद करके भरोसा कर सकते हैं। पहले भी सरकारें होती थीं, लेकिन अब यह सिर्फ एक सरकार नहीं है, यह मूल्यों पर आधारित सरकार है। ऐसी सरकार जिसके नेता, चाहे उत्तर प्रदेश में हों या राष्ट्रीय स्तर पर, उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया है। वे देश के साथ किसी भी तरह की गद्दारी नहीं होने देंगे। राम मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं है। यह एक राष्ट्रीय मंदिर है। पूरा देश इससे जुड़ा हुआ है। यह सिर्फ प्रशासन का मामला नहीं है। यह आस्था का मामला है।”
उन्होंने कहा कि हमें सविंधान पर भरोसा रखना चाहिए, सभी लोग संविधान को मानते है, जो भी न्याय होगा वो सभी के लिए बराबर होगा, इसमें किसी को कोई बचाने वाला नहीं है, एसआईटी की रिपोर्ट और संविधान के नियमों के अनुसार ही सभी कार्रवाई की जाएगी, कोई पक्षपात कही होने वाला नहीं है। इसीलिए सब लोगों को विश्वास रखना चाहिए और सही समय का इंतजार करना चाहिए।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने लोगों से आग्रह किया कि वे लोग किसी के बहकावे में न आए और संविधान पर विश्वास रखें। लोगों को गुमराह करने के लिए देश में कई ऐसे लोग काम कर रहे हैं जो लोगों तक गलत खबर फैला रहे है, इससे लोगों को बचना चाहिए और सही जानकारी पहले पता करना चाहिए। जब तक सब साफ न हो जाए, किसी के ऊपर उंगली उठाना सही नहीं है, इसीलिए कुछ भी करने से पहले लोगों को सोचना चाहिए।

