Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसएससी जॉब अलर्ट: एसएसए/यूडीसी के 65 पदों पर निकली भर्ती, 16 जुलाई...

एसएससी जॉब अलर्ट: एसएसए/यूडीसी के 65 पदों पर निकली भर्ती, 16 जुलाई तक करें आवेदन

0
5

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, 2025 के तहत केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएससी) कैडर, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में सीनियर सचिवालय सहायक/अपर डिवीजन क्लर्क के कुल 65 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एसएससी की ओर से 65 सीनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (एसएसए)/अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ ‘क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक नंबर 12, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003’ पते पर 23 जुलाई के शाम 6 बजे तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचा देना चाहिए।

वहीं, विदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की प्रिंटेड कॉपी, जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से पहुंचाने की अंतिम तिथि 30 जुलाई की शाम 6 बजे तक तय की गई है।

एसएसए/यूडीसी पदों के लिए नियमित रूप से नियुक्त लोअर डिवीजन क्लर्क ही आवेदन करने के पात्र हैं, जिन्होंने कम से कम पांच वर्ष की मंजूरशुदा और लगातार सेवा पूरी की है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) 1 अगस्त 2025 के आधार पर सेवा रिकॉर्ड का मूल्यांकन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।

कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) अगस्त में आयोजित होने की संभावना है, जिसकी तारीख, समय और पते की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।