बीजिंग, 26 जून (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद वहां की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को शोक संदेश भेजा।
शी चिनफिंग ने अपने संदेश में कहा, “वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस आपदा में भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। चीनी सरकार और जनता की ओर से मैं सभी मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं तथा उनके परिजनों और घायलों के प्रति हार्दिक सहानुभूति प्रकट करता हूं।”
उन्होंने अपने शोक संदेश में यह भी कहा कि चीन, आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में वेनेजुएला को हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। उन्हें विश्वास है कि वेनेजुएला सरकार के नेतृत्व में वहां के लोग इस आपदा से जल्द उबरेंगे और अपने घरों का पुनर्निर्माण करने में सफल होंगे।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, 26 जून को चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने देश की राजधानी पेइचिंग में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संवाददाताओं के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। चीन सरकार ने वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है, जिस पर वेनेजुएला सरकार ने आभार जताया है।
उन्होंने बताया कि चीन सरकार और चीन की रेड क्रॉस सोसाइटी वेनेजुएला को आपातकालीन मानवीय सहायता उपलब्ध कराएंगी। चीन, आपदा की स्थिति को देखते हुए वेनेजुएला को आगे भी हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

