Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसएससी भर्ती 2026 : जेएसए/एलडीसी के 49 पदों पर आवेदन शुरू, जानें...

एसएससी भर्ती 2026 : जेएसए/एलडीसी के 49 पदों पर आवेदन शुरू, जानें अंतिम तिथि और पूरी डिटेल

0
5

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, 2025 के तहत केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएससी) कैडर, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में जूनियर सचिवालय सहायक/लोअर डिवीजन क्लर्क के कुल 49 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (जेएसए)/लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) के 49 पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई तय है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसएससी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद, उम्मीदवारों को अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ ‘क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक नंबर 12, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003’ पते पर 23 जुलाई की शाम 6 बजे तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचा देना चाहिए।

हालांकि, विदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए जमा किए गए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की प्रिंटेड कॉपी, जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर डाक के माध्यम से पहुंचाने की अंतिम तिथि 30 जुलाई के शाम 6 बजे तक तय की गई है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या उसके समकक्ष संस्थान से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस पद के लिए 1,800 रुपए के ग्रेड पे वाले कोई भी स्थायी या नियमित रूप से नियुक्त अस्थायी ग्रुप ‘सी’ कर्मचारी आवेदन करने के पात्र हैं। इसी के साथ कैंडिडेट ने 1 अगस्त 2025 तक 1,800 रुपए के ग्रेड पे वाले ग्रुप ‘सी’ कर्मचारी के तौर पर कम से कम तीन वर्ष की रेगुलर सर्विस पूरी कर ली होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त कैंडिडेट्स को टाइप-राइटिंग टेस्ट परीक्षा पास किया होना चाहिए।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), 1 अगस्त 2025 के आधार पर सेवा रिकॉर्ड के मूल्यांकन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 से 63,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) अगस्त में आयोजित होने की संभावना है, जिसकी तारीख, समय और पते की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी।