Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

0
5

अयोध्या, 27 (आईएएनएस)। अयोध्या के प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी की उज्जैनिया पट्टी के वरिष्ठ महंत संतराम दास का शनिवार को निधन हो गया। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते थे। उनके निधन की जानकारी उनके शिष्य और हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास ने दी है। संत के ब्रह्मलीन होने की खबर से अयोध्या के संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर व्याप्त है।

बताया गया कि महंत संतराम दास उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित थे और उनका पिछले करीब आठ महीने से उपचार चल रहा था। हाल ही में मेदांता अस्पताल लखनऊ में भी इलाज हुआ था। इलाज के बाद महंत रामदास तीन दिन पहले ही अयोध्या लौटे थे।

महंत राजू दास ने एक्स पोस्ट पर लिखा, “हमारे पूज्य गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री महंत संतराम दास जी महाराज पंचांग पट्टी उज्जैनिया हनुमानगढ़ी,अयोध्या जी का गोलोकवास अभी हो गया है। सायं 3 बजे शोभा यात्रा निकाली जाएगी। दाह संस्कार आज (शाम 4 बजे) नया घाट सरयू तट (कच्चा घाट) पर किया जाएगा।”

संत रामदास के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।”

आचार्य संतोष अवस्थी ने एक्स पर लिखा, “हनुमानगढ़ी उज्जैनिया पट्टी के पूज्य महंत श्री संत रामदास जी महाराज का सांकेतवास श्री अवध की नागातीत संत परंपरा की अपूरणीय क्षति है। भावभीनी श्रद्धांजलि। श्री हनुमन्तलाल जी महाराज पुण्यात्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें। अनुयायियों के प्रति हार्दिक संवेदना। ॐ शान्ति:!”

गौरतलब है कि हनुमान गढ़ी उत्तर प्रदेश के अयोध्या नगर में स्थित हनुमान जी को समर्पित एक 10वीं शताब्दी का हिन्दू मन्दिर है। यह शहर के सबसे महत्वपूर्ण मंदिरों के साथ-साथ अन्य मंदिरों जैसे नागेश्वर नाथ और नव निर्माणित राम मंदिर में से एक है। अयोध्या के मध्य में स्थित, 76 सीढ़ियां हनुमानगढ़ी तक जाती हैं, जो उत्तर भारत में हनुमान जी के सबसे लोकप्रिय मंदिर परिसरों में से एक हैं।