Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, कहा-आने वाले दिनों में...

आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, कहा-आने वाले दिनों में बहुत कुछ बड़ा हो सकता है

0
6

पटना, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।

जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम पहले भी कह रहे थे कि निशांत कुमार की एंट्री होनी चाहिए। निशांत अच्छा काम कर रहे हैं। उनके पास जो विभाग है, उसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बिहार के लोगों को बेहतर हेल्थकेयर सेवाएं मिलें और वह इसी दिशा में काम कर रहे हैं।”

आरसीपी सिंह ने कहा कि यह मुलाकात बेहद सकारात्मक और सुखद रही। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद नीतीश कुमार से मिलना उनके लिए स्वाभाविक अनुभव था, क्योंकि दोनों ने लंबे समय तक साथ काम किया है।

मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि वह इस पर फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहते और समय आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद हुई यह बातचीत बेहद सकारात्मक रही और पुराने संबंधों की गर्मजोशी फिर से देखने को मिली।

आरसीपी सिंह ने कहा, “अभी मैं इस मुलाकात पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। जो अफवाह उड़ रही है कि हमारी नीतीश कुमार से मुलाकात नहीं हुई, वह गलत है। हम उनसे मिले थे और बातचीत भी हुई।”

उन्होंने आगे कहा, “आपको इंतजार करना चाहिए। इतने सालों बाद मैं उनसे मिला। यह एक अच्छी मुलाकात थी। मैं जेडीयू का कोई छोटा-मोटा नेता नहीं हूं। हम सबने साथियों की तरह मिलकर काम किया है और सभी के साथ हमारी अच्छी समझ रही है। इसलिए आने वाले दिनों में बहुत कुछ हो सकता है।”

जेडीयू में वापसी की संभावनाओं पर आरसीपी सिंह ने कहा, “मैं अभी कुछ नहीं कह सकता। आने वाले समय में सब पता चल जाएगा।”

नीतीश कुमार पर परिवारवाद के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा, “यह कोई नई बात नहीं है। निशांत अच्छा काम कर रहे हैं। बिहार को उनकी जरूरत है।”