Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप: अब तक 709 बच्चों ने गंवाई जान

बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप: अब तक 709 बच्चों ने गंवाई जान

0
6

ढाका, 27 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में खसरा और खसरा जैसे लक्षणों से पिछले 24 घंटों में सात और बच्चों की मौत हो गई है, जिससे देश में कुल संदिग्ध और कन्फर्म मौतों का आंकड़ा बढ़कर 709 हो गया है।

बांग्लादेश की समाचार एजेंसी यूएनबी ने स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के हवाले से बताया कि सात बच्चों में से एक की मौत का कारण खसरा था, जबकि छह मामलों को संदिग्ध श्रेणी में रखा गया है।

नवीनतम आंकड़ों के बाद संदिग्ध खसरा मौतों की संख्या बढ़कर 615 हो गई है, जबकि लैब टेस्ट के जरिए कंफर्म मौत का आंकड़ा 94 तक पहुंच गया है।

पिछले 24 घंटों में 744 नए संदिग्ध मामले दर्ज किए गए, जिससे देशभर में कुल संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 98,266 हो गई है। वहीं, अवधि में 45 नए (कंफर्म) मामले सामने आए, जिससे कुल प्रयोगशाला-प्रमाणित संक्रमण 11,594 तक पहुंच गए हैं।

बांग्ला ट्रिब्यून के अनुसार, मयमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इलाज के दौरान 24 घंटों (शुक्रवार से शनिवार सुबह 8 बजे के बीच) में चार बच्चों की मौत हो गई, जिससे इस सरकारी अस्पताल में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 58 हो गई है।

अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉ. झंटू सरकार ने शनिवार सुबह चार बच्चों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि 8 महीने, 4 महीने के 2, और तीन महीने के एक बच्चे को मिलाकर कुल 4 बच्चों को बचाया नहीं जा सका।

डॉक्टर ने बताया कि मृतक बच्चों में खसरे के लक्षणों के साथ-साथ निमोनिया सहित कई अन्य बीमारियां भी थीं। पिछले 24 घंटों में 16 नए बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि वर्तमान में 94 बच्चे इलाजरत हैं।

डीजीएचएस के आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल से अब तक देशभर में 81,955 संदिग्ध खसरा मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 78,287 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।