ब्रिस्टल, 27 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को ग्रुप ए के मैच में नीदरलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 126 रन बनाए हैं।
विश्व कप से बाहर हो चुकी पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा और आयशा जफर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज प्रभावी प्रदर्शन करने में असफल रहीं।
मुनिबा अली और फिरोजा पारी की शुरुआत करने आई थीं। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी हुई। मुनिबा 12 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए फिरोजा और आयशा जफर के बीच 79 रनों की साझेदारी हुई। पाकिस्तानी पारी की यह सबसे बड़ी साझेदारी रही और इसी की बदौलत टीम 100 के पार पहुंच सकी। दूसरे विकेट के रूप में जफर 29 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुईं।
जफर के आउट होने के बाद फिरोजा ने एक छोर थामे रखा, जबकि दूसरी ओर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। फिरोजा 52 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद लौटीं। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए।
नीदरलैंड की तरफ से सभी गेंदबाजों ने बेहतरीन और कसी हुई गेंदबाजी की। आइरिस ज्विलिंग ने 4 ओवर में 1 मेडन फेंकते हुए सिर्फ 19 रन देकर 2 विकेट लिए। हीथर सीगर्स ने 4 ओवर में 28 रन देकर 1, हन्ना लैंधीर ने 3 ओवर में 19 रन देकर 1, कैरोलीन डी लांगे ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 और सिल्वर सीगर्स ने 3 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट लिए।
नीदरलैंड ने विश्व कप में अब तक एक भी मैच नहीं जीता है। ऐसे में उसके पास 127 रन बनाकर इस मैच में जीत हासिल करने का सुनहरा मौका है।

