Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल अनाधिकारिक टेस्ट: भारतीय टीम के पास 170 रन की बढ़त, ड्रॉ की...

अनाधिकारिक टेस्ट: भारतीय टीम के पास 170 रन की बढ़त, ड्रॉ की ओर मुकाबला

0
5

गाले, 27 जून (आईएएनएस)। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। तीसरे दिन की समाप्ति तक भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में बगैर कोई विकेट गंवाए 48 रन बना लिए हैं। यहां से मेहमान टीम के पास 170 रन की बढ़त है।

गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित की। साईं सुदर्शन ने आयुष पांडे के साथ पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। आयुष 25 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सुदर्शन ने मोर्चा संभाला।

साईं सुदर्शन ने 175 गेंदों में 19 चौकों के साथ 132 रन की पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल 14 बाउंड्री के साथ 141 रन बनाकर नाबाद रहे। शेख रशीद ने 63 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से चमिका गुणासेकरा ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि दिलुम सुदीरा ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम पहली पारी में सिर्फ 330 रन पर सिमट गई। मेजबानों ने 38 के स्कोर तक दो विकेट खो दिए थे, जिसके बाद अशीन बंडारा ने नुवानिदु फर्नांडो के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की।

फर्नांडो 9 चौकों के साथ 84 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से बंडारा ने कप्तान सहान अराच्चिगे के साथ चौथे विकेट के लिए 117 रन जुटाए। बंडारा 10 चौकों के साथ 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अराच्चिगे ने 72 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

इस पारी में भारतीय खेमे से औकिब नबी डार ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने 2-2 विकेट निकाले। अंशुल कंबोज और सारांश जैन को 1-1 विकेट हाथ लगा।

भारत के पास पहली पारी के आधार पर 122 रन की बढ़त थी। इसके बाद अगली पारी में भारत ने तीसरे दिन की समाप्ति तक बगैर कोई विकेट गंवाए 48 रन बनाए। साईं सुदर्शन (7) रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटे, जिसके बाद आयुष पांडे (नाबाद 20) ने देवदत्त पड्डिकल (नाबाद 20) के साथ मोर्चा संभाला। ड्रॉ की तरफ बढ़ रहे मुकाबले के अंतिम दिन भारतीय टीम अपनी बल्लेबाजी को परखना चाहेगी।