हरिद्वार, 28 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि अनेक लोग योग साधना और श्रम साधना में लगे हैं। ऐसे लोगों को देखने वाला कोई नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ऐसे लोगों को सामने लेकर आए। इसके साथ ही, धामी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को सही मार्गदर्शन और नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को हरिद्वार जिले के रुड़की में भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग लिया। उन्होंने कहा, “इस कार्यक्रम का यह 135वां संस्करण था। वे दुनिया के ऐसे पहले लीडर हैं, जिन्होंने 135 संस्करण को संबोधित किया है। वे भविष्य में अभी और संस्करण को संबोधित करेंगे।”
उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए लोगों को प्रेरणा भी दी है। अनेक लोग योग साधना और श्रम साधना में लगे हैं। ऐसे लोगों को देखने वाला कोई नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ऐसे लोगों को सामने लेकर आए। पीएम मोदी ने उनका प्रोत्साहन किया और उत्साहवर्धन भी किया। पूरी दुनिया के सामने ऐसे लोगों के पीएम मोदी ने दर्शन भी कराए। निश्चित रूप से लोगों को एक अच्छी पहचान मिली है।”
सीएम धामी ने रविवार को ‘मुख्यमंत्री युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया। धामी ने कहा कि रुड़की विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन का बड़ा केंद्र है। इस धरती ने देश और दुनिया को कई महत्वपूर्ण खोजें दी हैं और यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के इतिहास में युवाओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को सही मार्गदर्शन और नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने, स्टार्टअप को बढ़ावा देने और उनकी रचनात्मकता को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

