भीलवाड़ा, 28 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद सीपी जोशी ने रविवार को कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पेपर लीक और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस शासन और भाजपा सरकार के कार्यों में अंतर बताते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ मौजूदा सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
सीपी जोशी ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, “राहुल गांधी एक फेलियर स्टूडेंट हैं। लोग भाजपा और कांग्रेस के पेपर लीक के विषय में अंतर समझते हैं। एक समय राजस्थान में करीब 19 बार पेपर लीक हुए थे। कांग्रेस और भाजपा के बीच क्या अंतर है? इसे जनता को देखना चाहिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों को संरक्षण मिला। सीपी जोशी ने कहा, “जब पेपर लीक होते थे तो राजीव गांधी स्टडी सर्कल से जुड़े लोग भी उसमें शामिल पाए गए थे। आरपीएससी सहित कई संस्थानों से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य भी इसमें शामिल थे। पेपर लीक के अपराधियों के खिलाफ कांग्रेस सरकार में उचित कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें बचाने का प्रयास किया गया।”
भाजपा सांसद ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि पहली बार परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। पेपर पहुंचाने के लिए आर्मी के विमान के इस्तेमाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की निगरानी और सुरक्षा को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है।
सीपी जोशी ने कहा कि अब जहां भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ की कोशिश होती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कदम उठाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
वहीं, अयोध्या राम मंदिर के दानपात्र में चोरी के मामले को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राम मंदिर और भगवान राम की आस्था पर सवाल उठाने वालों को इस मुद्दे पर बोलने का अधिकार नहीं है। जिन लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि राम काल्पनिक हैं, उन्हें इस विषय पर बोलने का अधिकार नहीं है। जिन्होंने लंबे समय तक राम मंदिर मामले को लटकाए रखा और सनातन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, वे आज सवाल उठा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि जैसे ही मामला सरकार के संज्ञान में आया, तुरंत कार्रवाई की गई। एसआईटी का गठन किया गया और जांच शुरू कर दी गई है। सीपी जोशी ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राम भक्तों की आस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

