लंदन, 28 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए का बेहद अहम मैच लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला जा रहा है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने के लिए इस मैच में जीत जरूरी है। मैच में भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए विराट कोहली, शिखर धवन, रवि शास्त्री और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा दर्शक दीर्घा में मौजूद थे।
पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री, विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ बैठकर भारतीय टीम का हौसलाअफजाई करते दिखे। वहीं, पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन भी अपनी पत्नी के साथ भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए मौजूद थे।
मैच की बात करें तो, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत के विस्फोटक अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को 171 रन का लक्ष्य दिया।
भारत के लिए पारी की शुरुआत करने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा आईं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 66 रन की साझेदारी की। टी20 के लिहाज से यह साझेदारी धीमी रही। शेफाली पहले विकेट के रूप में 26 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। इस पारी में शेफाली ने 2 छक्के और 3 चौके लगाए। शेफाली के आउट होने के बाद 83 के स्कोर पर मंधाना भी दूसरे विकेट के रूप में आउट हुईं। मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली।
इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला। जेमिमा 28 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 34 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुईं। हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी पारी खेली। दाएं हाथ की इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आखिरी ओवर में 3 छक्के लगाते हुए टीम का स्कोर 4 विकेट पर 170 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हरमनप्रीत ने 27 गेंदों पर 3 छक्के और 6 चौके की मदद से 56 रन की पारी खेली। वह आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर आउट हुईं। दीप्ति शर्मा 1 गेंद पर 4 और ऋचा घोष 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहीं।

