ह्यूस्टन, 29 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 के दूसरे मुकाबले में पांच बार की चैंपियन ब्राजील का सामना जापान से होना है। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी का मानना है कि जापान के खिलाफ टीम को दिमाग, दिल और साफ सोच के साथ खेलना होगा।
कोच एंसेलोटी ने जोर दिया कि नॉकआउट मैचों में हालात कभी भी बदल सकते हैं, इसलिए टीम को हर स्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। एंसेलोटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नॉकआउट मुकाबले हमेशा अनिश्चित होते हैं और इनमें गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने पिछले मैचों में अच्छी तैयारी की है और खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
ब्राजील ने ग्रुप स्टेज में मिश्रित शुरुआत की थी। टीम का पहला मैच मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ रहा। इसके बाद ब्राजील ने शानदार वापसी करते हुए हैती को 3-0 से हराया और स्कॉटलैंड के खिलाफ भी 3-0 की जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के दम पर ब्राजील ने सात अंक हासिल किए और बेहतर गोल अंतर के कारण ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। यह लगातार 12वां मौका है जब ब्राजील ने वर्ल्ड कप ग्रुप स्टेज में टॉप किया है।
दूसरी ओर, जापान ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए बिना कोई हार झेले नॉकआउट चरण में प्रवेश किया है। जापान ने अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-2 ड्रॉ से की थी। इसके बाद टीम ने ट्यूनीशिया को 4-0 से हराया और स्वीडन के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की की। आगे का सफर तय किया।
एंसेलोटी ने कहा कि यह मैच बेहद कड़ा और चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, “हमें न सिर्फ अपने दिमाग की जरूरत है, बल्कि दिल और आत्मविश्वास की भी आवश्यकता है। नॉकआउट में सब कुछ संभव है, जिसमें एक्स्ट्रा टाइम और पेनल्टी भी शामिल हैं। हमने हर परिस्थिति के लिए तैयारी की है। मुझे लगता है कि टीम पूरी तरह से तैयार है। टीम अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित है। हमने अपने पिछले दो मैचों में अच्छा खेला है, इसलिए हम जापान के खिलाफ जो भी होगा उसके लिए तैयार हैं।”
ब्राजील के स्क्वाड से जुड़ी खबरों में राफिन्हा दाहिने हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण रविवार के ट्रेनिंग सेशन में शामिल नहीं हो पाए। उनकी उपलब्धता पर अभी स्थिति साफ नहीं है। वहीं नेमार धीरे-धीरे फिटनेस हासिल कर रहे हैं। स्कॉटलैंड के खिलाफ लंबे समय बाद वह 20 मिनट के लिए मैदान पर उतरे थे, जो अक्टूबर 2023 के बाद उनका पहला इंटरनेशनल मैच था।
एंसेलोटी ने नेमार को लेकर कहा कि उनकी फिटनेस में लगातार सुधार हो रहा है और वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नेमार का खेलने का समय मैच की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। गौरतलब है कि ब्राजील और जापान आखिरी बार पिछले साल अक्टूबर में एक फ्रेंडली मैच में भिड़े थे, जिसमें जापान ने दो गोल से पीछे रहने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की थी।

