नोएडा, 29 जून (आईएएनएस)। प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कुल 13 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना तथा विभिन्न थानों एवं शाखाओं में कार्यकुशलता बढ़ाना बताया जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक संजय कुमार को प्रभारी निरीक्षक थाना जेवर से स्थानांतरित कर थाना सूरजपुर का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, थाना इकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह को अब थाना जेवर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। थाना सूरजपुर के प्रभारी रहे निरीक्षक विनोद कुमार चाहर को थाना नॉलेज पार्क का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश चन्द्र को एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) थाना भेजा गया है।
एएचटी में तैनात निरीक्षक विध्यांचल तिवारी को थाना साइबर क्राइम में नई जिम्मेदारी दी गई है। अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक रणजीत कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना इकोटेक-3 बनाया गया है। थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ल को अब थाना फेस-1 की कमान सौंपी गई है।
वहीं, शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक पंकज शर्मा को थाना कासना का प्रभारी बनाया गया है। थाना सेक्टर-142 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक संजय कुमार को थाना सेक्टर-142 का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान का तबादला आईटी सेल, सेंट्रल नोएडा में किया गया है। आईटी सेल में कार्यरत निरीक्षक पुष्पराज सिंह को प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, निरीक्षक उमेश नैथानी को आईजीआरएस सेल के प्रभारी के साथ-साथ मीडिया सेल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी चुनौतियों, बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नए प्रभार मिलने के बाद सभी निरीक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, त्वरित कार्रवाई तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा की जा रही है।

