Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, सपा-कांग्रेस ने कहा- छोटी मछलियों...

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, सपा-कांग्रेस ने कहा- छोटी मछलियों को फंसाकर बड़े लोगों को बचाया जा रहा

0
6

लखनऊ, 30 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए जांच प्रक्रिया और कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि पूरे मामले में बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने आईएएनएस से कहा कि इस मामले में बैंकिंग सिस्टम से जुड़े लोगों की भूमिका की भी चर्चा सामने आ रही है और उनके बिना ऐसा संभव नहीं था। उन्होंने दावा किया कि सूत्रों के मुताबिक हर दिन 10 लाख से 50 लाख रुपए तक का चढ़ावा इकट्ठा होता था। 22 जनवरी 2024 से लेकर करीब दो से ढाई साल की अवधि का हिसाब लगाया जाए तो यह रकम करोड़ों और अरबों रुपए तक पहुंचती है।

आशुतोष वर्मा ने आरोप लगाया, “यह कोई छोटी चोरी नहीं, बल्कि एक संगठित लूट है, जिसके तार बहुत ऊपर तक जुड़े हुए हैं। कुछ लोग पूरी तरह शांत हैं, जबकि कुछ लोगों के नाम एफआईआर से हटा दिए गए हैं। पूरी एसआईटी की जांच ही बेईमानी से भरी हुई है।”

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “छोटी-छोटी मछलियों को फंसाकर बड़ी मछलियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।”

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आजादी के बाद अगर हिंदुओं के साथ सबसे बड़ा धोखा और विश्वासघात हुआ है, तो वह राम मंदिर चंदा चोरी और अब चढ़ावे की चोरी के रूप में हुआ है। यह सोचकर रूह कांप जाती है कि जिस भव्य राम मंदिर में पूरे देश की आस्था जुड़ी है और जहां हर घर ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया, वहां ऐसे आरोप सामने आ रहे हैं।”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए कुल कितना पैसा आया, कितना खर्च हुआ, कितना बचा और कितना बांटा गया। यह सब अभी नहीं, बल्कि लंबे समय से लगातार चलता आ रहा था।

कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने कहा, “चंदा चोरी के मामले को लेकर हमारे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक प्रतिनिधिमंडल बनाने की बात कही थी। विरोध प्रदर्शन करने की योजना थी। 30 जून को लखीमपुर में मेरा एक कार्यक्रम था और मैं व्यस्त था, इसलिए मैं वहां नहीं पहुंच सका। अन्य नेता वहां पहुंचे। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रही है और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है।”

बता दें कि इस बीच, एसआईटी की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। रेडियो मेंटेनेंस ऑफिसर (आरएमओ) अर्जुन देव, जो करीब 17 वर्षों से अयोध्या में तैनात थे, उनका तबादला गोरखपुर कर दिया गया है।