Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल महिला टी20 विश्व कप: पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ...

महिला टी20 विश्व कप: पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीत गेंदबाजी चुनी

0
7

द ओवल, 30 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।

टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मोलिनक्स ने कहा, “हम गेंदबाजी करेंगे। यहां आकर शुरू में दबाव बनाने के लिए अच्छी पिच लग रही है। टीम में कोई बदलाव नहीं है। मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज एक जबरदस्त टीम है। हमें अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।”

वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने कहा, “मुझे लगता है कि ओवल में विकेट काफी अच्छा है। इसमें ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। हम बिना डरे क्रिकेट खेल सकते हैं। हमारे कुछ बड़े खिलाड़ियों को आगे आने की जरूरत है, जिसमें मैं भी शामिल हूं। इस टूर्नामेंट में हमने यही मिस किया है। यह इंग्लैंड के सबसे अच्छे विकेटों में से एक है। पहली पारी में हमें बड़ा स्कोर बनाना होगा।”

ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप ए की सभी 5 मैचों में जीत हासिल कर 10 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। वहीं, वेस्टइंडीज ने ग्रुप में 5 मैचों में 3 जीत और 2 हार के साथ 6 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

वेस्टइंडीज की कोशिश पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाने की होगी, ताकि दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया जा सके।

ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलेवन: जॉर्जिया वॉल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), फोबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एशले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (कप्तान), किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन।

वेस्टइंडीज प्लेइंग इलेवन: कियाना जोसेफ, हेली मैथ्यूज (कप्तान), शमीन कैम्पबेले (विकेटकीपर), स्टेफनी टेलर, डिएंड्रा डॉटिन, चिनेल हेनरी, जहजारा क्लैक्सटन, जैनिले ग्लासगो, आलिया एलेन, एफी फ्लेचर, करिश्मा रामहरैक।