Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर चंदा चोरी मामले में जांच निष्पक्ष, दोषी पर होगी कार्रवाई:...

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में जांच निष्पक्ष, दोषी पर होगी कार्रवाई: ओपी राजभर

0
5

जौनपुर, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने राम मंदिर चंदा विवाद पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बीएसपी प्रमुख मायावती के बयान, यूपी चुनाव को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान समेत कई मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर चंदा मामले की एसआईटी जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणियों पर राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव कभी राम मंदिर नहीं गए। मंदिर से जुड़े जिस प्रकरण की बात सामने आई, उसमें ट्रस्ट ने स्वयं सरकार से जांच कराने का आग्रह किया था। इसके बाद सरकार ने एसआईटी का गठन किया और जांच लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे संबंधित लोगों की धरपकड़ भी हो रही है।

अखिलेश यादव द्वारा प्रयागराज में दिए गए उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि इटावा में केदारेश्वर शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद ही वे अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे, राजभर ने जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में उनसे यह सवाल पूछा जाना चाहिए था कि एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या होने पर क्या वे वहां गए थे। समाजवादी पार्टी केवल वोट की राजनीति करती है और पीडीए की बात करती है, लेकिन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी नहीं होती। चुनाव के बाद अखिलेश यादव निश्चित रूप से राम मंदिर जाएंगे।

बीएसपी प्रमुख मायावती द्वारा राम मंदिर चंदा विवाद का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि मायावती ने बिल्कुल सही बात कही है। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना पर राजनीति करने के बजाय उससे सीख लेकर भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय द्वारा स्वयं को निर्दोष बताए जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि अभी एसआईटी जांच कर रही है। जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी को दोषी या निर्दोष कहा जा सकता है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई निश्चित रूप से होगी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर राजभर ने कहा कि ओवैसी सही बात कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक मुस्लिम मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी को समर्थन देकर कई बार सरकार बनवाई, लेकिन अब मुस्लिम समाज को भी नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए। एक बार किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा भी होनी चाहिए।

राम मंदिर विवाद और पुलिस एनकाउंटर को लेकर असदुद्दीन ओवैसी के आरोपों पर राजभर ने कहा कि उनके आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक जितने भी एनकाउंटर हुए हैं, वे अपराधियों और आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ हुए हैं। कोई भी ऐसा उदाहरण नहीं है जिसमें किसी निर्दोष व्यक्ति का एनकाउंटर हुआ हो। सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना है और जो भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अखिलेश यादव को मथुरा चलने की सलाह का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री बिल्कुल सही कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव स्वयं को भगवान श्रीकृष्ण का वंशज बताते हैं तो उन्हें मथुरा जाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विषय पर भी खुलकर अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। जैसे अयोध्या में राम मंदिर बन गया है, वैसे ही मथुरा के मुद्दे पर भी आगे बढ़ना चाहिए। अखिलेश यादव इस विषय पर खुलकर सामने आने से इसलिए बचते हैं क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक के नाराज होने का डर रहता है।