Thursday, July 2, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सीएम हेमंत सोरेन ने एसआईआर का भरा फॉर्म, मतदाताओं से समय पर...

सीएम हेमंत सोरेन ने एसआईआर का भरा फॉर्म, मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने की अपील

0
10

रांची, 2 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत स्वयं एन्यूमरेशन (गणना) प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समयसीमा के भीतर एसआईआर प्रपत्र भरकर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने की अपील की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने एन्यूमरेशन प्रपत्र भरा।

इस अवसर पर उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।

उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरें और मतदाता सूची में दर्ज अपनी जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित कराएं। साथ ही अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और सूची पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित हो। निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं तथा मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ)-सह-अपर समाहर्ता धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।