नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की टिप्पणी पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिसने कांग्रेस को देश में माचिस की डिब्बी के आकार में समेट दिया है। तेलंगाना की जनता आगामी चुनाव में इस नाकाम सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “नितिन नवीन एक ऐसी पार्टी का नेतृत्व करते हैं जिसकी सरकारें 22 राज्यों में हैं और जो पीएम मोदी के निर्णायक और गतिशील नेतृत्व में लगातार तीन बार से केंद्र में है।
उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी का अहंकार बोल रहा है। तेलंगाना की जनता आगामी चुनाव में इस नाकाम सरकार को उखाड़ फेंकेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हम 2029 में चौथी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।”
पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस के नेता पार्टी की स्थिति को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इस पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, “कांग्रेस में ‘महापरिक्रमावादियों’ और ‘परिक्रमावादियों’ के बीच बड़ी खींचतान चल रही है, क्योंकि ‘पराक्रमवादी’ तो पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद, अहंकार और तानाशाही चरम पर है। अक्षम, अयोग्य और विफल राजकुमार किसी विदेशी टूलकिट पर सांप की तरह नाचते हुए दिख रहे हैं। जो लोग अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रहे, वह देश चलाने वाले मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं।
भारत और पाकिस्तान के 100 से ज्यादा प्रमुख नागरिकों के उस पत्र पर, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से द्विपक्षीय बातचीत फिर से शुरू करने और सामान्य संबंध बहाल करने का आग्रह किया गया है।
इस पर तरुण चुघ कहते हैं, “गुपकार गैंग पाकिस्तान की भारत-विरोधी गंदी और खूनी हरकतों की निंदा करने के बजाय पाकिस्तान के पीआरओ की भूमिका निभा रहा है। आतंकवाद और बातचीत, खून और पानी, एक साथ नहीं चल सकते। कुछ लोग रोजाना भारतीय सुरक्षा बलों और सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने की साजिश रच रहे हैं। वे अपने विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए लगातार साजिशें करते रहते हैं, लेकिन वे कभी सफल नहीं होंगे।”
दरअसल तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा को बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने में 15 साल लग गए और तेलंगाना में भी उसका यही हाल होगा। हाल ही में एक व्यक्ति यहां आए थे, नवीन या जो भी नाम हो, लेकिन वह यहां आकर कहते हैं कि अगली सरकार उनकी बनेगी। रेड्डी ने कहा कि आपने बंगाल के बारे में भी यही बात कही थी, लेकिन वहां सरकार बनाने में आपको 15 साल लग गए, लेकिन यहां हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।

