Friday, July 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अखिलेश यादव पर मंत्री नरेंद्र कश्यप का पलटवार, बोले- 2027 में सपा...

अखिलेश यादव पर मंत्री नरेंद्र कश्यप का पलटवार, बोले- 2027 में सपा का अस्तित्व बचाना होगा मुश्किल

0
5

लखनऊ, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा किअखिलेश यादव को 2027 के विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी का अस्तित्व बचाना मुश्किल पड़ेगा।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी को न चंदा मिलने जा रहा है, न दान, न चढ़ावा और न वोट मिलने जा रहा है।

इस पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पलटवार करते हुए कहा, “अखिलेश यादव को 2027 के विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी का अस्तित्व बचाना मुश्किल पड़ेगा। भाजपा और भाजपा के सभी घटक दल संचित हैं। 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के लिए हर वो काम किया है, जो सरकार की जिम्मेदारी में शामिल था। इसलिए 2027 में भी सपा और अखिलेश यादव को हाथ मलते हुए विपक्ष में ही बैठना होगा।”

नरेंद्र कश्यप ने अपनी प्रतिक्रिया में आगे कहा, “2027 के विधानसभा चुनावों का नतीजा साफ है। राज्य में ‘इंडी’ गठबंधन टूटना और एनडीए की फिर से सरकार बनना तय है। बस इंतजार कीजिए और देखिए कि कांग्रेस, बसपा, सपा और एआईएमआईएम, सभी दल 403 सीटों के लिए लड़ेंगे। लेकिन जब नतीजे आएंगे, तो भाजपा 2017 जैसी ही जीत हासिल करेगी और उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।”

राम मंदिर चंदे को लेकर चल रहे विवाद पर कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, “अयोध्या मामले पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखना बचकाना हरकत है। कांग्रेस समेत सभी लोग जानते हैं कि एसआईटी पहले से ही इस मामले की जांच कर रही है। एफआईआर दर्ज हो चुकी है और गिरफ्तारियां भी हुई हैं। धन की बरामदगी भी हुई है। मुख्यमंत्री ने दृढ़ संकल्प के साथ जनता को आश्वस्त किया है कि भगवान श्रीराम के दान में जिन्होंने भी बेईमानी की है, वे जेल की सजा से बचेंगे नहीं।”