Sunday, July 5, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,954 हुई, 16,209...

वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,954 हुई, 16,209 लोग बेघर

0
7

काराकस, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बीते हफ्ते वेनेजुएला में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। दो भूकंपों की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2,954 हो गई है, जबकि 16,592 लोग घायल हुए हैं।

नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि पिछले हफ्ते वेनेजुएला में आए दो भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,954 हो गई है और 16,592 लोग घायल हुए हैं। शनिवार को टेलीग्राम पर रोड्रिग्ज की ओर से जानकारी दी गई कि अरागुआ, मिरांडा और ला गुएरा जैसे मध्य राज्यों और काराबोबो, याराकुय और फाल्कन जैसे पश्चिमी राज्यों में 6,462 लोगों को बचाया गया है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अपडेट में बताया गया है कि 16,209 लोग बेघर हो गए हैं, जबकि 856 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं और 190 इमारतें ढह गई हैं। अधिकारियों की ओर से विस्थापित और प्रभावित लोगों की मदद के लिए 80 अस्थायी कैंप बनाए गए हैं।

शनिवार के अपडेट के अनुसार, बचे हुए लोगों की तलाश के लिए 29,567 बचावकर्मी तैनात हैं, जिनमें विदेशों से आए 3,281 लोग भी शामिल हैं। बयान में कहा गया है कि 24 जून को 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप आने के बाद से वेनेजुएला में 942 आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद के झटके) दर्ज किए गए हैं।

इस बीच, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पहले 24 जून को देश में आए शक्तिशाली भूकंपों के पीड़ितों के सम्मान में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की थी।

रोड्रिग्ज ने बुधवार (स्थानीय समय) को सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा था, “पीड़ितों की याद में, मैंने आज शाम 6:00 बजे से सात (7) दिनों के लिए राष्ट्रीय शोक की घोषणा करने का फैसला किया है।”

उन्होंने कहा कि था, “गहरे दुख की इस घड़ी में, हम उन लोगों के साथ खड़े हैं जो इस त्रासदी से पीड़ित हैं और हम उनके साथ रहने और उनकी सुरक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराते हैं।”

रोड्रिग्ज ने कहा, “विनाशकारी भूकंपों से हुए जान-माल के नुकसान से वेनेजुएला की आत्मा को गहरा आघात पहुंचा है।”