Tuesday, July 7, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय टोक्यो में भारत-जापान मित्रता पर जोर, भारतीय दूतावास ने जापानी संसद सदस्‍यों...

टोक्यो में भारत-जापान मित्रता पर जोर, भारतीय दूतावास ने जापानी संसद सदस्‍यों का जताया आभार

0
5

टोक्यो, 6 जुलाई (आईएएनएस)। जापान में भारतीय दूतावास ने सोमवार को जापान की संसद (डाइट) के सदस्यों का भारत-जापान साझेदारी को मजबूत करने में दिए गए समर्थन के लिए धन्यवाद किया।

दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “चार्ज डी’अफेयर्स मधु सूदन ने संवैधानिक डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधि जुनिची मिजुओका और उनकी पार्टी के डाइट सदस्यों का स्वागत किया। भारत और जापान के बीच साझेदारी के लिए आपके मजबूत समर्थन के लिए हम दिल से धन्यवाद करते हैं।”

मधु सूदन ने दिन में पहले पूर्व प्रधानमंत्री शिजो आबे की एक रेट्रोस्पेक्टिव एग्जि‍बिशन भी देखी।

दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “चार्ज डी’अफेयर्स मधु सूदन ने मिसेज अकी आबे (शिंजो आबे की पत्नी) के निमंत्रण पर मैंने टोक्यो में उस प्रदर्शनी का दौरा किया, जो दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के जीवन और उनकी विरासत को दिखाती है। यह प्रदर्शनी बहुत भावुक करने वाली थी, जिसमें उनके विजन, नेतृत्व और उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान दिया गया है।”

दूतावास के अनुसार, इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शिंजो आबे के लिए भेजा गया शोक संदेश भी दिखाया गया था। साथ ही, शिंजो आबे की ओर से भारतीय संसद में दिया गया ऐतिहासिक भाषण भी प्रदर्शित किया गया, जिससे भारत और जापान की गहरी दोस्ती और सम्मान को फिर से महसूस किया जा सका।

दूतावास ने आगे लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री आबे के शब्द ‘हमें अपने सपने को खत्म नहीं होने देना चाहिए’ आज भी हमारे दिलों में वैसे ही गूंजते हैं। हम उनके विचारों और भावना को आगे बढ़ाएंगे और भारत-जापान की दोस्ती और सहयोग को और मजबूत करेंगे।”

इससे पहले, मई में अकी आबे ने भारतीय दूतावास का दौरा किया था। उन्होंने अपने दिवंगत पति की भारत के प्रति गहरी दोस्ती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंधों को याद किया था।

भारतीय दूतावास ने कहा था कि ‘पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, जो जापान के सबसे महान नेताओं में से एक थे, भारत के सच्चे मित्र थे।’

दूतावास ने बताया था कि राजदूत नगमा एम. मलिक ने मेहमान को बताया कि भारत में लोग आज भी शिंजो आबे को बहुत सम्मान और प्यार से याद करते हैं। अकी आबे ने भी मोदी और शिंजो आबे की दोस्ती को याद किया और अपने सामाजिक कार्यों और युवाओं के साथ किए जा रहे कामों के बारे में बात की।