Wednesday, July 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में फॉरेस्ट रेंजर...

ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में फॉरेस्ट रेंजर की संपत्तियों पर की छापेमारी

0
6

भुवनेश्वर, 8 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा विजिलेंस ने मंगलवार को कटक फॉरेस्ट डिवीजन के तहत केंद्रपाड़ा फॉरेस्ट रेंज के फॉरेस्ट रेंजर रवींद्र कुमार नायक से जुड़ी चार जगहों पर एक साथ छापेमारी की। रवींद्र कुमार नायक के खिलाफ आय से ज्यादा अधिक संपत्ति के आरोप हैं।

कटक के स्पेशल जज (विजिलेंस) की ओर से जारी सर्च वारंट के आधार पर तलाशी की जा रही है। विजिलेंस टीम में पांच डीएसपी, 9 इंस्पेक्टर, 5 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल हैं।

विजिलेंस की टीम की ओर से रवींद्र कुमार नायक के मुंडुली में चार मंजिला रिहायशी इमारत, कटक जिले के सहदापाड़ा में उनके पैतृक घर, केंद्रपाड़ा फॉरेस्ट रेंज ऑफिस में और केंद्रपाड़ा में अस्थायी आवास पर छापेमारी की गई। ओडिशा विजिलेंस की ओर से बताया गया कि तलाशी अभी जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

इससे पहले 30 जून को भी विजिलेंस की टीम ने विमसर के दो अधिकारियों की संपत्तियों पर छापेमारी की थी। विजिलेंस की टीम ने संबलपुर जिले के बुर्ला स्थित ‘वीर सुरेंद्र साई इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च’ (विमसर) के दो अधिकारियों से जुड़ी कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की थी।

विजिलेंस ने यह कार्रवाई उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोपों के चलते की। मामले में जिन अधिकारियों के यहां तलाशी ली गई, उनमें धनुर्धर बिस्वाल (एस्टेब्लिशमेंट ऑफिसर-कम -ऑफिस सुपरिटेंडेंट) और अश्विनी मेहेर (विमसर, बुर्ला के सुपरिटेंडेंट ऑफिस में स्टीवर्ड) हैं।

ये तलाशी अभियान संबलपुर के स्पेशल जज (विजिलेंस) की ओर से जारी सर्च वारंट के आधार पर किया गया। मामले को लेकर आधिकारिक बयान के अनुसार, विजिलेंस की एक टीम जिसमें दो डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी), पांच इंस्पेक्टर, तीन असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) और अन्य सहयोगी कर्मचारी धनुर्धर बिस्वाल से जुड़ी चार जगहों पर छापेमारी कर रहे हैं।