Wednesday, July 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह अहम नहीं, कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी: बीवाई...

मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह अहम नहीं, कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी: बीवाई विजयेंद्र

0
4

बेंगलुरु, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने बुधवार को कहा कि पार्टी से कौन मुख्यमंत्री बनेगा? यह महत्वपूर्ण नहीं है। सबसे अहम बात यह है कि कर्नाटक की जनता कांग्रेस सरकार से परेशान हो चुकी है, जिसे उन्होंने ‘भ्रष्ट, जनविरोधी और हिंदू विरोधी’ सरकार बताया।

विजयेंद्र दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (साउथ-ईस्ट ग्रेजुएट्स कॉन्स्टिट्यूएंसी) चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित एक बैठक को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री बताए जाने संबंधी बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयेंद्र ने कहा कि ऐसे बयान स्नेह और विश्वास के कारण दिए गए हैं, लेकिन पार्टी नेताओं को बड़े राजनीतिक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “चंद्रन्ना (भाजपा विधायक एम. चंद्रप्पा) ने मुझे भविष्य का मुख्यमंत्री बताया। यह उनके स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। कौन मुख्यमंत्री बनेगा, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि कर्नाटक की जनता इस भ्रष्ट, जनविरोधी और हिंदू विरोधी कांग्रेस सरकार से नाराज है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए निर्धारित धनराशि में भी गड़बड़ी की है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

विजयेंद्र ने कहा कि कर्नाटक विधान परिषद में ऐसे योग्य व्यक्ति को चुना जाना चाहिए, जो जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य विधानसभा और विधान परिषद लोकतंत्र के मंदिर हैं और जनता चाहती है कि वहां ऐसे प्रतिनिधि पहुंचें, जो राज्य और लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर सकें।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा लगातार पिछले आठ कार्यकालों से करती आ रही है।

उन्होंने कहा, “आजकल कुछ लोग केवल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने या राजनीतिक आकर्षण के कारण विधान परिषद में पहुंचना चाहते हैं। कुछ लोग यह भ्रम पाल बैठे हैं कि केवल धनबल के दम पर चुनाव जीता जा सकता है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण हैं और इनका प्रतिनिधित्व सक्षम लोगों को करना चाहिए।”

विजयेंद्र ने बताया कि भाजपा ने इस सीट से केएम सुरेश को एनडीए उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने सुरेश को ईमानदार कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने कई दशकों तक शिक्षा क्षेत्र में काम किया है और समाज की नि:स्वार्थ सेवा की है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 50 हजार से अधिक होने की संभावना है। केएम सुरेश को पांच जिलों और इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 33 विधानसभा सीटों में प्रचार करना है।

विजयेंद्र ने पार्टी नेताओं, खासकर चित्रदुर्ग जिले के नेताओं से अपील की कि वे उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में रहने के दौरान भी भाजपा ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव लगातार जीते हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उनके अनुसार, सत्तारूढ़ कांग्रेस पिछले कई महीनों से मतदाता पंजीकरण अभियान चला रही है।

उन्होंने कहा, “चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी हैं और हमें भी मतदाता पंजीकरण तथा संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करना होगा।”