Wednesday, July 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पूर्वोत्तर के हेल्थकेयर हब के तौर पर उभर रहा असम, कैंसर केयर...

पूर्वोत्तर के हेल्थकेयर हब के तौर पर उभर रहा असम, कैंसर केयर नेटवर्क में शामिल मिजोरम: सीएम सरमा

0
4

गुवाहाटी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि मिजोरम ने असम कैंसर केयर फाउंडेशन (एसीसीएफ) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत मिजोरम के कैंसर मरीज अब मिजोरम यूनिवर्सल हेल्थकेयर स्कीम के अंतर्गत असम में एसीसीएफ के कैंसर अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस जानकारी को साझा करते हुए कहा कि यह समझौता असम के क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्र (हेल्थकेयर हब) के रूप में उभरने की दिशा में एक और बड़ा कदम है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के साथ इसी तरह की व्यवस्था के बाद मिजोरम के साथ हुई यह साझेदारी पूर्वोत्तर के लोगों को बेहतर और सस्ती कैंसर चिकित्सा उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, “यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मिजोरम ने केयर असम के साथ साझेदारी की है, जिससे वहां के कैंसर मरीज असम के हमारे कैंसर केंद्रों में मिजोरम यूनिवर्सल हेल्थकेयर स्कीम के तहत पूरी तरह कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकेंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के बाद यह नया सहयोग असम के देश के नए स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, मिजोरम के कैंसर मरीज अब मिजोरम यूनिवर्सल हेल्थकेयर स्कीम के तहत असम कैंसर केयर फाउंडेशन द्वारा संचालित अस्पतालों में कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के लाभार्थियों को क्रमशः मुख्यमंत्री आरोग्य अरुणाचल योजना और मुख्यमंत्री हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम के तहत उपचार मिलता रहेगा।

असम कैंसर केयर फाउंडेशन असम सरकार और टाटा ट्रस्ट्स की संयुक्त पहल है। यह संस्था राज्यभर में विशेष कैंसर अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से कैंसर उपचार सेवाओं का विस्तार कर रही है।

इस पहल का उद्देश्य उन मरीजों की परेशानी कम करना है, जिन्हें पहले उन्नत कैंसर उपचार के लिए पूर्वोत्तर से बाहर बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था।