ब्रातिस्लावा, 8 जुलाई (आईएएनएस)। स्लोवाकिया में भारत की राजदूत अपूर्वा श्रीवास्तव ने बुधवार को स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत, स्लोवाकिया के साथ अपने द्विपक्षीय रिश्तों को और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
स्लोवाकिया में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राजदूत अपूर्वा श्रीवास्तव ने स्लोवाक गणराज्य के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार से विदाई मुलाकात की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग और समर्थन के लिए मंत्री का दिल से धन्यवाद किया।”
दूतावास ने कहा, “भारत और स्लोवाकिया के बीच दोस्ताना रिश्तों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में दोनों देशों के संबंध कई क्षेत्रों में और भी गहरे और मजबूत होंगे।”
पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के राजकीय दौरे पर स्लोवाकिया गए थे। इस दौरान उन्होंने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात की। ब्रातिस्लावा के राष्ट्रपति भवन में हुई बैठकों में दोनों पक्षों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ हुई बातचीत में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार, निवेश, ऊर्जा, बायोफ्यूल और कई दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में भी साथ मिलकर काम करने की बड़ी संभावनाएं हैं। हमने लोगों के बीच आपसी संपर्क को और मजबूत बनाने पर भी बात की।”
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने ब्रातिस्लावा के राष्ट्रपति भवन में वाराणसी पर आधारित एक प्रदर्शनी भी देखी। इस प्रदर्शनी में हाल ही में वाराणसी की यात्रा कर चुके स्लोवाक कलाकारों की बनाई गई कलाकृतियां भी शामिल थीं।
स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सबसे बड़े सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से भी सम्मानित किया।
प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको की बैठक में दोनों नेताओं ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भारत-स्लोवाकिया के द्विपक्षीय संबंधों की पूरी समीक्षा की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, तकनीक और नवाचार, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति, प्रतिभा के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए रास्तों पर चर्चा की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में सुधार समेत कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।”

