Thursday, July 9, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय त्रिपुंड, त्रिशूल और डमरू से सजे महाकाल, क्रिकेटर सिद्धार्थ कौल और अभिनेत्री...

त्रिपुंड, त्रिशूल और डमरू से सजे महाकाल, क्रिकेटर सिद्धार्थ कौल और अभिनेत्री आंचल मुंजाल ने किए दर्शन

0
4

उज्जैन, 9 जुलाई (आईएएनएस)। श्री महाकालेश्वर मंदिर में आषाढ़ कृष्ण पक्ष नवमी (सुबह 10:38 बजे तक) के अवसर पर गुरुवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। क्रिकेटर सिद्धार्थ कौल और अभिनेत्री आंचल मुंजाल ने भी बाबा के दर्शन किए।

गुरुवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। दिव्य शृंगार और भस्म आरती के बाद जैसे ही श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन हुए, पूरा मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” के उद्घोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर घंटियों, शंखध्वनि और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।

महाकाल मंदिर के पट खुलने के साथ ही मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। बाबा महाकाल को हरि ओम का जल अर्पित किया गया। बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया गया। बाबा महाकाल को भांग का शृंगार त्रिपुंड, त्रिशूल और डमरू से सजाया गया। इसके बाद दिव्य भस्म आरती की गई।

महाकाल मंदिर के पुजारी ने महाआरती संपन्न कराई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। अपने आराध्य देव के दर्शन पाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीती रात से ही बाबा के दर्शन करने के लिए लाइन में खड़े रहे।

जानकारी के मुताबिक, पहले महाकाल को श्मसान की राख अर्पित की जाती थी, लेकिन अब विशेष रूप से कपिला गाय के गोबर और औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार भस्म का उपयोग होता है। भस्म आरती के दौरान पुरुषों के लिए पारंपरिक धोती-सोला और महिलाओं के लिए साड़ी पहनना अनिवार्य है।

बाबा महाकाल की आरती देश-विदेश में मशहूर है, जिसे देखने के लिए जनसामान्य से लेकर बड़ी हस्तियां भी आती हैं। इस दौरान मंदिर के आसपास व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सिद्धार्थ कौल ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब मैं यहां आता हूं तो मुझे गहरी श्रद्धा महसूस होती है। मेरा मानना ​​है कि यह बाबा का आशीर्वाद ही है जो मुझे बार-बार यहां खींच लाता है; यहां आने के बाद मुझे हमेशा बहुत अच्छा लगता है, जैसे मैं कोई नया इंसान बन गया हूं।

अभिनेत्री आंचल मुंजाल ने उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन किए। आईएएनएस से बातचीत करते हुए अभिनेत्री आंचल मुंजाल ने कहा कि कल शाम मैंने संध्या आरती में हिस्सा लिया। आज हम भस्म आरती में शामिल हुए। मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आप जितनी चाहें उतनी तस्वीरें और वीडियो देख सकते हैं, लेकिन इसे खुद अनुभव करने पर जो ऊर्जा महसूस होती है, वैसी कहीं और महसूस नहीं हो सकती।