Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘भूपेश बघेल की चाय पड़ी ठंडी, नेताओं ने किया आने से मना’,...

‘भूपेश बघेल की चाय पड़ी ठंडी, नेताओं ने किया आने से मना’, पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर भाजपा का तंज

0
6

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता आरपी सिंह ने कटाक्ष किया है। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी चाय ठंडी हो गई है और नेताओं ने (मुलाकात के लिए) आने से मना कर दिया है।

भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह का यह बयान ऐसे समय आया, जब पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के बुलावे पर कुछ नेता बैठक में शामिल नहीं हुए। आरपी सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बघेल साहब की चाय ठंडी हो गई, लेकिन नेताओं ने आने से मना कर दिया।”

उन्होंने कहा, “चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह और गुरप्रीत सिंह बाजवा जैसे नेता कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। पार्टी यह तय नहीं कर पा रही है कि किसको चेहरा बनाना है। उसकी वजह से गुटबाजी बढ़ रही है। उसका नतीजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।”

इसी बीच, आरपी सिंह ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई की ब्राउन शुगर मामले में गिरफ्तारी को लेकर सवाल किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के बड़े नेताओं को जवाब देना है कि उनके लोग ड्रग्स के धंधे में लगे हुए हैं। नाना पटवारी, जीतू पटवारी के भाई हैं और ये ड्रग्स का धंधा कर रहे हैं। अब ये ड्रग्स के धंधे के पैसे कहां-कहां जाते हैं, इसका भी उत्तर उनको देना चाहिए।”

भाजपा प्रवक्ता ने एकनाथ शिंदे और शरद पवार की मुलाकात को लेकर जारी बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “संजय राउत और नाना पटोले जैसे नेताओं ने राजनीति के मूल सिद्धांत की सीमाओं को लांघ दिया है। एकनाथ शिंदे और शरद पवार के बीच एक सामान्य मुलाकात हुई, लेकिन उसको लेकर वे लोग राजनीति कर रहे हैं। अफसोस है कि जिस पार्टी के साथ चुनाव लड़ते हैं, आप उसी पर सवाल खड़ा करते हैं।”