नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (आईडीबीआई बैंक) ने पोस्ट कोड/कार्य क्षेत्र के अनुसार मैनेजर सहित विभिन्न 31 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आईडीबीआई बैंक की ओर से जारी 31 रिक्तियों में डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) के 8, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) के 4 और मैनेजर के 19 पद शामिल हैं।
पोस्ट कोड/कार्य क्षेत्र के अनुसार, डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) के 8 पदों में इन्फ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (आईएमजी)-परिसर में 5 और लीगल में 3 पद; असिस्टेंट जनरल मैनेजर के 4 पद ऑडिट-इन्फॉर्मेशन सिस्टम (आईएस) में; और मैनेजर के 19 पदों में ऑडिट-इन्फॉर्मेशन सिस्टम (आईएस) में 6, इन्फ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (आईएमजी)-परिसर में 3, लीगल में 6, एवं सिक्योरिटी ऑफिसर में 4 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं। वे आईडीबीआई बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ऑडिट-इन्फॉर्मेशन सिस्टम (आईएस) पोस्ट कोड के लिए इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी)/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स/कंप्यूटर साइंस/डिजिटल बैंकिंग/बीसीए/बीएससी (कंप्यूटर साइंस/आईटी) में बीटेक/बीई; या एमएससी (आईटी/कंप्यूटर साइंस)/एमसीए या इसके बराबर/एमटेक/एमई इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी)/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग/डिजिटल बैंकिंग/कंप्यूटर साइंस); या वैलिड सर्टिफाइड इंफॉर्मेशन सिस्टम्स ऑडिटर (सीआईएसए) सर्टिफिकेशन वाले साइंस ग्रेजुएट होने चाहिए।
इन्फ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट (आईएमजी)- परिसर पोस्ट कोड के लिए सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक/बीई या डुअल स्पेशलाइजेशन, जिसमें एक स्पेशलाइजेशन सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में होना चाहिए।
लीगल पोस्ट कोड के लिए लॉ में ग्रेजुएशन और सिक्योरिटी ऑफिसर के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास सभी पदों के लिए प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 4 से 10 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 25 से 35 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की प्रारंभिक जांच, दस्तावेज सत्यापन (डीवी), समूह चर्चा (जीडी) और/या व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई) और भर्ती-पूर्व चिकित्सा परीक्षण (पीआरएमटी) के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) के लिए 1,02,300 से 1,20,940 रुपए के बीच, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) के लिए 85,920 से 1,05,280 रुपए के बीच और मैनेजर पोस्ट के लिए 64,820 से 93,960 रुपए के बीच तय की गई है। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 1,050 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।

