Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय वियतनाम नाव हादसा: दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची, तमिलनाडु के...

वियतनाम नाव हादसा: दूतावास ने जारी की मृतकों की सूची, तमिलनाडु के सबसे ज्यादा 10 पर्यटक शामिल

0
6

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए भीषण नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची भारतीय दूतावास ने जारी कर दी है। दूतावास ने बताया कि यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है। मृतकों में तमिलनाडु के सबसे अधिक 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “आज फु क्वोक द्वीप के पास हुए दुखद नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों की सूची साझा करते हुए हमें गहरा दुख हो रहा है। यह सूची वियतनामी अधिकारियों से प्राप्त हुई है। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता के लिए उपलब्ध हैं।”

दूतावास की ओर से जारी सूची के अनुसार, मृतकों में सेंथिल कुमार जयावेल, मुरुगा प्रभु अरुमुगम, श्रीधर सुंदरराजन, शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद, बालाजी नटेसन, विनया कुमार चिथापुरम भास्करा, रविशंकर सुगुमारन, संतोष कुमार शांतीलालजैन, बाबू कुप्पुस्वामी, अलागुराजन सिवासामी (सभी तमिलनाडु), नल्लापेटा आदिसेशैया रवितेजा, श्रीधर मुदियम और जया लक्ष्मी गेल्ली (आंध्र प्रदेश), तथा एविकोट चेरियन थॉमस और लोवेनी थॉमस (केरल) शामिल हैं।

इस हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति और सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचाकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

भारतीय दूतावास के अनुसार, हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है और वियतनामी प्रशासन की ओर से खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।

स्थानीय समाचार वेबसाइट वीएनएक्सप्रेस के अनुसार, हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद वह पलट गई। स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।