Sunday, July 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति अहमदाबाद में अमित शाह ने शुरू किया वृक्षारोपण कार्यक्रम, 405 करोड़ की...

अहमदाबाद में अमित शाह ने शुरू किया वृक्षारोपण कार्यक्रम, 405 करोड़ की कई विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ

0
5

अहमदाबाद, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान, उन्होंने करीब 405 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

अहमदाबाद महानगर निगम की ओर से ‘मिशन फाइव मिलियन ट्री’ के तहत विज्ञान भवन, साइंस सिटी, सोला में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंच पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 101 ऑक्सीजन पार्क और हेरिटेज पार्क का ई-लोकार्पण किया। इसके अलावा अहमदाबाद नगर निगम, औडा और सड़क व भवन विभाग की लगभग 405 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का ई-लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, नगर निगम के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

अहमदाबाद नगर निगम की ओर से विकसित 101 ऑक्सीजन पार्कों में लगभग 9 लाख 66 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में 22 लाख 71 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इनमें से 62 पार्क गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में हैं, जहां लगभग 16 लाख पौधों का रोपण किया गया है। इन पार्कों से शहर में हरित क्षेत्र बढ़ेगा, वायु गुणवत्ता में सुधार होगा, प्रदूषण और शहरी गर्मी कम होगी तथा नागरिकों को योग, वॉक और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे।

इन ऑक्सीजन पार्कों में 45 पार्कों में बच्चों के लिए प्ले एरिया और 19 पार्कों में खेलकूद की सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। साथ ही वर्षा जल संरक्षण, भूजल रिचार्ज और जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी ये पार्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

80 नई एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बीआरटीएस बसों का शुभारंभ किया गया। जेबीएम कंपनी की ओर से जीसीसी मॉडल के तहत संचालित इन बसों पर हर वर्ष लगभग 42 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इन बसों के शुरू होने से यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक, वातानुकूलित और प्रदूषण मुक्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

फिलहाल अहमदाबाद बीआरटीएस के पास कुल 333 बसें हैं, जिनमें 200 इलेक्ट्रिक बसें पहले से संचालित हो रही हैं। अब पहले चरण में 80 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें शामिल की जा रही हैं। भविष्य में पूरी बीआरटीएस सेवा को इलेक्ट्रिक फ्लीट में बदलने की योजना बनाई गई है। इसके लिए एएमटीएस और बीआरटीएस के लिए कुल 325 इलेक्ट्रिक एसी बसों की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है।